आगरा के ताजगंज में होटल के बाहर दिल्ली के डॉक्टर से चेन लूटी, बाइक पर सवार थे लुटेरे

आगरा। ताजगंज थाना क्षेत्र जिसमें ताजमहल भी आता है, उस क्षेत्र में भी लुटेरे वारदातों को अंजाम देने में सफल हो रहे हैं। ताजमहल की वजह से इस थाना क्षेत्र में बड़ी संख्या में विदेशी और घरेलू पर्यटक आते हैं। इसके बाद भी पर्यटकों वाले क्षेत्र की सुरक्षा राम भरोसे है। बीते कल सुबह यहां दिल्ली के एक डॊक्टर के गले से सोने की चेन लूट ली गई। इससे पहले एक व्यापारी की भी वजनी सोने की चेन लूटी गई थी। इन वारदातों से लोगों में दहशत का माहौल है।

Sep 10, 2025 - 22:13
Sep 10, 2025 - 22:21
 0
आगरा के ताजगंज में होटल के बाहर दिल्ली के डॉक्टर से चेन लूटी, बाइक पर सवार थे लुटेरे

-पर्यटकों वाले इस क्षेत्र में सुबह-सुबह सक्रिय रहते हैं चेन स्नेचर, 11 जुलाई को मॉर्निंग वॉक के समय व्यापारी की चेन भी लूटी गई थी

दिल्ली निवासी डॉक्टर अमित रुस्तागी आगरा में घूमने के लिए आए थे। मंगलवार सुबह मॉर्निंग वॉक के बाद 7:45 बजे होटल हावर्ड प्लाजा के बाहर उतरे और ई रिक्शा वाले को पैसे दे रहे थे।  इतने में मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो बदमाश आए और उन्होंने डॉक्टर अमित के गले में पड़ी सोने की चेन खींच ली और फरार हो गये।

सुबह-सुबह हुई घटना का पुलिस ने रात में 15 घंटे बाद मुकदमा दर्ज किया। दूसरी ओर जुलाई में भी यहां एक चेन लूट की घटना हुई थी। एकता पुलिस चौकी के पास विश्वकर्मापुरम में रहने वाले आलू व्यापारी महेंद्र सिंह 11 जुलाई को सुबह सात बजे जोनल पार्क में टहलने के लिए गए थे।  तभी बाइक पर सवार होकर आए दो लुटेरों ने उनके गले से सोने की चेन लूट ली थी। चेन करीब 10 लाख रुपए की थी।

ताजमहल जैसे विश्वविख्यात स्मारक की सुरक्षा में लगे तमाम इंतजाम भी ताजगंज क्षेत्र को अपराध मुक्त नहीं कर पाए हैं। सुबह के वक्त जब लोग मॉर्निंग वॉक पर निकलते हैं या होटल से बाहर आते हैं, तभी लुटेरे बाइक पर सवार होकर हमला बोल रहे हैं। 

SP_Singh AURGURU Editor