चैम्बर चुनाव विवाद पर विराम: मनोज कुमार गुप्ता ने मांगी माफी, कोर कमेटी ने बेबुनियाद आरोप मानते हुए प्रकरण किया समाप्त

विगत 14 मार्च 2026 को आगरा में हुए चैम्बर चुनाव को लेकर उठे विवाद में नया मोड़ आ गया है। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मनोज कुमार गुप्ता द्वारा चुनाव समिति पर लगाए गए आरोपों को कोर कमेटी ने बेबुनियादी करार दिया है, जिसके बाद गुप्ता ने बैठक में खेद प्रकट करते हुए लिखित माफी दी और मामले का अंत कर दिया गया।

Mar 21, 2026 - 18:48
 0
चैम्बर चुनाव विवाद पर विराम: मनोज कुमार गुप्ता ने मांगी माफी, कोर कमेटी ने बेबुनियाद आरोप मानते हुए प्रकरण किया समाप्त
मनोज कुमार गुप्ता द्वारा दिया गया खेद पत्र।

आगरा। नेशनल चैम्बर ऒफ इंडस्ट्री एंड कॊमर्स के 14 मार्च 2026 को हुए चुनाव के बाद उत्पन्न हुए विवाद को लेकर कोर कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आज चैम्बर सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व अध्यक्ष एवं कोर कमेटी चेयरमैन योगेन्द्र कुमार सिंघल ने की।

इस बैठक में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मनोज कुमार गुप्ता के विरुद्ध प्राप्त शिकायत पत्र पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति ने पाया कि मनोज कुमार गुप्ता ने चुनाव के दौरान चुनाव समिति के खिलाफ आपत्तिजनक और बेबुनियादी बयान दिए थे।

कोर कमेटी ने सभी पहलुओं पर विचार-विमर्श करने के बाद पाया कि चुनाव समिति के विरुद्ध लगाए गए आरोप तथ्यहीन और अनुचित थे। इसके बाद बैठक में स्वयं उपस्थित होकर मनोज कुमार गुप्ता ने अपने बयान पर खेद व्यक्त किया और चेयरमैन योगेन्द्र कुमार सिंघल को लिखित खेद पत्र सौंपा।

पूर्व अध्यक्ष एवं कोर कमेटी चेयरमैन योगेन्द्र कुमार सिंघल ने खेद पत्र को स्वीकार करते हुए सर्वसम्मति से इस पूरे प्रकरण को समाप्त घोषित कर दिया। इस फैसले के साथ ही चैम्बर चुनाव को लेकर चल रहा विवाद भी समाप्त हो गया।

बैठक में पूर्व अध्यक्ष के.के. पालीवाल, राजकुमार अग्रवाल, सीताराम अग्रवाल, प्रदीप कुमार वार्ष्णेय, अनिल वर्मा, मुकेश अग्रवाल, महेन्द्र कुमार सिंघल, मनीष अग्रवाल, अतुल कुमार गुप्ता, अशोक कुमार गोयल, नरेन्द्र सिंह, श्रीकिशन गोयल, राजीव अग्रवाल, शलभ शर्मा तथा वर्तमान अध्यक्ष संजय गोयल सहित कोर कमेटी के अनेक वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद चैम्बर के भीतर सियासी और संगठनात्मक माहौल में आई तल्खी पर विराम लग गया है और संगठन में एकजुटता का संदेश भी गया है।

SP_Singh AURGURU Editor