आगरा के विकास के लिए चैम्बर ने डिप्टी सीएम को लिखा पत्र, यमुना से आईटी सिटी तक उठाई बड़ी मांगें, दक्षिणी और उत्तरी बाईपास के किनारे गैर-प्रदूषणकारी उद्योग स्थापित हों
आगरा के समग्र विकास को लेकर व्यापारिक संगठनों ने अब खुलकर आवाज उठानी शुरू कर दी है। नेशनल चैम्बर ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को पत्र भेजकर न केवल आगरा में दिए गये निर्देशों पर शीघ्र अमल की मांग की है, बल्कि यमुना, उद्योग और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कई बड़े मुद्दे भी उठाये हैं।
आगरा। नेशनल चैम्बर की महत्वपूर्ण बैठक में शहर के विकास को लेकर गंभीर चर्चा हुई, जिसमें चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल एवं पूर्व अध्यक्ष व सदस्यता एवं प्रशासनिक समिति के चेयरमैन मनीष अग्रवाल ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा आगरा आगमन के दौरान शहर के विकास के लिए दिए गये निर्देशों पर आभार व्यक्त किया।
साथ ही उन्होंने एक औपचारिक पत्र भेजकर मांग की कि इन घोषणाओं पर तत्काल प्रभाव से अमल किया जाए, ताकि शहर के विकास को गति मिल सके।
चैम्बर ने अपने पत्र में विशेष रूप से यमुना नदी की स्थिति को लेकर चिंता जताई और कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि आगरा की सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान का अहम हिस्सा है। वर्षों से लंबित डिसिल्टिंग (गाद हटाने) के कार्य को शीघ्र शुरू करने की मांग करते हुए चैम्बर ने सुझाव दिया कि यह कार्य पहले कैलाश से ताजमहल क्षेत्र तक प्रारंभ किया जाए।
इसके साथ ही यमुना के किनारों पर वृक्षारोपण और तट सौंदर्यीकरण की भी मांग उठाई गई, जिससे पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।
चैम्बर ने यह भी कहा कि ताज संरक्षित क्षेत्र की सीमाओं के चलते आगरा में उद्योगों की स्थापना में बाधाएं आती हैं, इसलिए न्यू दक्षिणी बाईपास और उत्तरी बाईपास के किनारे केवल गैर-प्रदूषणकारी उद्योग स्थापित किए जाएं।
इसके अलावा यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे आईटी उद्योग स्थापित करने की जोरदार मांग की गई। चैम्बर का मानना है कि आगरा की भौगोलिक स्थिति, बेहतर सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी, एनसीआर और नोएडा की नजदीकी, तथा सस्ती भूमि और कुशल युवाओं की उपलब्धता इसे आईटी हब बनाने के लिए आदर्श बनाती है।
बैठक में यह भी उल्लेख किया गया कि उपमुख्यमंत्री द्वारा इंटरनेशनल स्टेडियम के निर्माण हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं, जिस पर चैम्बर ने संतोष व्यक्त किया। साथ ही ग्रेटर आगरा में गैर-प्रदूषणकारी उद्योगों के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग भी दोहराई गई।
चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल एवं पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने सभी जनप्रतिनिधियों से एकजुट होकर आगरा की आवाज को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आह्वान किया, ताकि विकास कार्यों को तेज गति मिल सके।
बैठक में उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विनय मित्तल, पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, नरेंद्र सिंह, शलभ शर्मा, संजय गोयल, सदस्य मयंक मित्तल, सचिन सारस्वत और धर्मगोपाल मित्तल सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।