चैंबर की बैठक में एमएलसी शिवहरे बोले- आगरा में रबर चेक डैम, स्टेडियम समेत कई कार्य जल्द
आगरा। औद्योगिक विकास और शहर की प्रमुख समस्याओं को लेकर नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स, उत्तर प्रदेश, आगरा में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल ने की, जबकि संचालन पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल ने किया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य श्री विजय शिवहरे शामिल हुए, जिन्होंने आगरा के विकास से जुड़े कई बड़े बिंदुओं पर ठोस आश्वासन दिए।
बैठक में चैम्बर अध्यक्ष ने आगरा की औद्योगिक और बुनियादी समस्याओं से संबंधित 13 सूत्रीय प्रतिवेदन माननीय सदस्य को सौंपा। इस अवसर पर विजय शिवहरे ने कहा कि आगरा में फैसिलिटी सेंटर की स्थापना प्राथमिकता में है, जिससे स्थानीय उद्योगों को एक नया मंच मिलेगा। उन्होंने बताया कि यमुना में रबर चेक डैम निर्माण को लेकर उनकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वार्ता हो चुकी है, और यह परियोजना शत-प्रतिशत शीघ्र ही मूर्त रूप लेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि आगरा में इंटरनेशनल स्टेडियम का निर्माण ग्रामीण क्षेत्र में किया जाएगा अकोला और मलपुरा के बीच, जो आगामी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से मात्र 7 किलोमीटर की दूरी पर है। इससे न केवल खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आगरा की पहचान एक नए स्वरूप में निखरेगी।
विधान परिषद सदस्य ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री को रिवरफ्रंट प्रोजेक्ट के बारे में अवगत कराया है, जिससे पर्यटकों के रात्रि प्रवास को बढ़ावा मिलेगा और शहर में पर्यटन का प्रवाह दिन–रात सक्रिय रहेगा।
उन्होंने बताया कि आईटी पार्क की स्थापना के लिए लखनऊ में आईटी मंत्री से शीघ्र वार्ता की जाएगी, जिससे आगरा को डिजिटल और तकनीकी विकास की दिशा में मजबूती मिलेगी। वहीं लीजहोल्ड से फ्रीहोल्ड के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह प्रकरण मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा ताकि उद्योग जगत को राहत मिल सके।
श्री शिवहरे ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ताज संरक्षित क्षेत्र के प्रति अत्यंत संवेदनशील हैं और सर्वोच्च न्यायालय में प्रभावी पैरवी के लिए एक सशक्त टीम गठित की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में आगरा को इन प्रयासों के ठोस परिणाम देखने को मिलेंगे।
बैठक में उपस्थित औद्योगिक समुदाय ने विधान परिषद सदस्य के वक्तव्यों का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि यह संवाद आगरा के विकास का एक नया अध्याय साबित होगा।
कार्यक्रम के अंत में पूर्व अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। बैठक में चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल, उपाध्यक्ष विवेक जैन, संजय कुमार गोयल, कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल, अतुल कुमार गुप्ता, मुकेश अग्रवाल, नरेन्द्र सिंह, राजीव तिवारी, शलभ शर्मा, विजय बंसल, गिरीश चंद्र गोयल, नीतेश अग्रवाल, सतीश अग्रवाल, मनोज बंसल, अशोक गोयल सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।