आगरा के सद्भभावना पार्क में गूंजे जय श्रीराम के स्वर, प्रभु दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
आगरा। कमला नगर स्थित सद्भभावना पार्क शनिवार को प्रभु श्रीराम के भक्ति रस में सराबोर हो गया। श्री जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल द्वारा आयोजित प्रभु श्री राम दर्शन एवं भव्य स्वागत कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालु प्रभु के स्वरूपों के दर्शन कर धन्य हो गए। वातावरण में राम नाम की गूंज और भक्ति भाव का अद्भुत संगम दिखाई दिया।
श्री जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने कमला नगर स्थित सद्भभावना पार्क में प्रभु श्रीराम के भव्य स्वागत एवं दर्शन का आयोजन किया। पूरा पार्क प्रभु श्रीराम की भक्ति से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने प्रभु के चरणों में पुष्प अर्पित कर, आरती उतारकर और चरण स्पर्श कर स्वयं को धन्य माना।
भजन गायिका अंजू चौहान ने “राम राम जय सीताराम”, “श्री राम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में” और “मेरी झोपड़ी के भाग आज जाग जाएंगे, राम आएंगे” जैसे भजनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बैंड वादकों की मधुर धुनों के बीच प्रभु स्वरूपों का भव्य स्वागत किया गया।
समिति अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि बच्चों को भगवान राम का चरित्र पाठ्यक्रम में अवश्य पढ़ाया जाना चाहिए। सीए गोविंद प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि रामायण की एक चौपाई भी अगर जीवन में उतार ली जाए तो जीवन सफल हो जाता है।
कार्यक्रम में राजा जनक राजेश अग्रवाल (रसोई रत्न), महारानी सुनैना श्रीमती अंजू अग्रवाल, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, श्रीमती मधु बघेल, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री राकेश गर्ग, विधायक एवं श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महामंत्री राजीव अग्रवाल, भगवान दास बंसल (सेवला वाले), डॉ. डीवी शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, महंत पार्षद एवं समिति महामंत्री प्रदीप अग्रवाल, उमेश कंसल, संयोजक पार्षद पंकज अग्रवाल, नितिन कोहली, कोषाध्यक्ष रामरतन मित्तल, सह-कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल (बैंक), गौरव पोद्दार, सीमा अग्रवाल, प्रियंका अग्रवाल, मीनू त्यागी सहित सैकड़ों गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन रीनेश मित्तल ने किया।