सूर्य नगर में गूंजे राधे-कृष्ण के जयकारे, श्रीमद् भागवत कथा के आयोजन का मेहंदी समारोह संग भव्य आमंत्रण पत्र विमोचन

आगरा। समाधि पार्क मंदिर, सूर्य नगर में गुरुवार को आयोजित एक भक्तिमय समारोह में श्रीमद् भागवत कथा के पावन आयोजन का शुभ संकेत देते हुए मेहंदी समारोह एवं आमंत्रण पत्र का भव्य विमोचन किया गया। मंगल गीतों, हरिनाम संकीर्तन और सुसज्जित परिसर के बीच आयोजित इस कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर कर दिया। राधे-राधे और जय श्रीकृष्ण के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिरस में डूब गया।

Dec 25, 2025 - 19:10
 0
सूर्य नगर में गूंजे राधे-कृष्ण के जयकारे, श्रीमद् भागवत कथा के आयोजन का मेहंदी समारोह संग भव्य आमंत्रण पत्र विमोचन
सूर्य नगर स्थित समाधि पार्क मंदिर में आयोजित होने जा रही श्रीमद् भागवत कथा के आमंत्रण पत्र का विमोचन करते समाज सेवी जितेन्द्र चौहान,अजय अग्रवाल बीएन ग्रुप, संजय गुप्ता बिल्डर्स,राकेश अग्रवाल,निखिल गर्ग आरुषि, आयुषी,उर्मिला बंसल,उमेश बंसल आदि।

26 दिसंबर से 1 जनवरी तक समाधि पार्क मंदिर में होगी श्रीमद् भागवत कथा, 251 कलशों की भव्य यात्रा से होगा शुभारंभ

आगरा। समाधि पार्क मंदिर, सूर्य नगर में गुरुवार को आयोजित एक भक्तिमय समारोह में श्रीमद् भागवत कथा के पावन आयोजन का शुभ संकेत देते हुए मेहंदी समारोह एवं आमंत्रण पत्र का भव्य विमोचन किया गया। मंगल गीतों, हरिनाम संकीर्तन और सुसज्जित परिसर के बीच आयोजित इस कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर कर दिया। राधे-राधे और जय श्रीकृष्ण के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिरस में डूब गया।

इस अवसर पर आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए मुख्य संरक्षक अजय अग्रवाल (बीएन ग्रुप) ने बताया कि श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन 26 दिसंबर 2025 से 1 जनवरी 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से सायं 6 बजे तक समाधि पार्क मंदिर, सूर्य नगर में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन समाज में भक्ति, संस्कार और सनातन संस्कृति के मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।

मुख्य यजमान संजय गुप्ता एवं रोहित जैन (अहिंसा ग्रांड ग्रीन वैली, कुंडोल) ने बताया कि कथा से पूर्व शुक्रवार, 26 दिसंबर को प्रातः 10 बजे 251 कलशों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा श्री हनुमान मंदिर, खंदारी चौराहा से प्रारंभ होकर कथा स्थल पर विश्राम लेगी। उन्होंने बताया कि कलश यात्रा में श्रद्धालु पीत वस्त्रों में सहभागी बनेंगे, जिससे पूरा नगर भक्ति और उत्सव के रंग में रंग जाएगा। इसके उपरांत दोपहर 2 बजे से श्रीमद् भागवत महापुराण के माहात्म्य का वर्णन आरंभ होगा।

कार्यक्रम संयोजक उमेश बंसल ने जानकारी दी कि कथा का वाचन परम श्रद्धेय भागवत विदुषी कीर्ति किशोरी जी (श्रीधाम वृंदावन) द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कीर्ति किशोरी जी विगत 21 वर्षों से श्रीमद् भागवत कथा, राम कथा, कृष्ण कथा, हनुमंत कथा, नानी बाई को मायरो एवं सत्संग-संकीर्तन के माध्यम से जन-जन को भक्ति पथ पर अग्रसर कर रही हैं। उनकी ओजस्वी और मधुर वाणी श्रोताओं को प्रभु भक्ति, सदाचार और गृहस्थ धर्म के आदर्शों से जोड़ती है।

यह आयोजन श्री कृष्ण कीर्ति फाउंडेशन (श्रीधाम वृंदावन), भारत विकास परिषद आगरा संस्कार मुख्य शाखा, भारत विकास परिषद ब्रज प्रांत, भारत विकास परिषद युगल संस्कार शाखा, राधे गोविंद परिवार आगरा, ध्यान योग सेवा संस्थान, मंगलमय परिवार आगरा सहित अनेक सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के सहयोग से सम्पन्न हो रहा है। आमंत्रण पत्र विमोचन के अवसर पर उपस्थित सभी गणमान्यजनों एवं श्रद्धालुओं ने आयोजन की सफलता की कामना करते हुए अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित करने का आह्वान किया।