श्री टॉकीज में रात के शो में बवाल, युवतियों से अभद्रता,विरोध पर गेटकीपर से मारपीट, आरोपी फरार
आगरा के श्री टॉकीज में रात के शो के दौरान DC टिकट लेकर सिल्वर क्लास में बैठे युवकों ने युवतियों से अभद्रता की। शिकायत करने पर आरोपियों ने गेटकीपर से मारपीट और स्टाफ को धमकी दी। आरोपी फरार हो गए। मामले में थाना हरीपर्वत में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।
आगरा। आगरा में महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नेहरू नगर चौकी अंतर्गत श्री टॉकीज में रात के शो के दौरान अभद्र टिप्पणी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ दबंग युवकों ने डीसी क्लास का टिकट लेकर जबरन सिल्वर क्लास में बैठकर न केवल नियम तोड़े, बल्कि वहां मौजूद युवतियों पर अभद्र टिप्पणियां भी कीं।
शिकायत पर भड़के आरोपी
युवतियों ने जब इस व्यवहार का विरोध करते हुए टॉकीज प्रबंधन और गेटकीपर से शिकायत की, तो गेटकीपर ने आरोपियों को नियमों का हवाला देकर टोका। इससे नाराज़ होकर युवकों ने गेटकीपर के साथ मारपीट शुरू कर दी।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने टॉकीज के अन्य स्टाफ के साथ भी गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गए, जिससे वहां कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस सक्रिय हुई। मामले में थाना हरीपर्वत में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि टॉकीज स्टाफ और पीड़ित युवतियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना ने सिनेमाघरों में रात के शो के दौरान महिला सुरक्षा और प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।