एनकाउंटर के बाद ताजगंज में बवाल, ‘कातिल का चेहरा दिखाओ’ की मांग पर सड़क पर उतरे लोग

आगरा के ताजगंज में 8 वर्षीय बच्ची की हत्या के मुख्य आरोपी सुनील को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया, लेकिन एनकाउंटर के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। नितिबाग स्थित गोबर चौकी पर दर्जनों स्थानीय नागरिक इकट्ठा होकर हंगामा कर रहे हैं और मारे गए आरोपी का चेहरा दिखाने की मांग कर रहे हैं। लोगों ने एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए पुलिस विरोधी नारेबाजी भी की।

Mar 28, 2026 - 09:40
 0
एनकाउंटर के बाद ताजगंज में बवाल, ‘कातिल का चेहरा दिखाओ’ की मांग पर सड़क पर उतरे लोग
मुठभेड़ में मारे गए आरोपी का चेहरा दिखाने की मांग पर अड़े लोग नारेबाजी करते हुए।

आगरा। आगरा के ताजगंज क्षेत्र में 8 वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या के मुख्य आरोपी सुनील के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के बाद अब मामला एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। जहां एक तरफ मासूम बच्ची के हत्यारे के मारे जाने पर पुलिस अपनी बड़ी कार्रवाई को लेकर चर्चा में है, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय नागरिकों का एक बड़ा समूह एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए सड़क पर उतर आया।

बताया जा रहा है कि थाना ताजगंज क्षेत्र के नीतिबाग स्थित गोबर चौकी पर दर्जनों स्थानीय लोग इकट्ठा होकर हंगामा कर रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों की मुख्य मांग है कि मुठभेड़ में मारे गए आरोपी सुनील का चेहरा सार्वजनिक रूप से दिखाया जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि एनकाउंटर में मारा गया व्यक्ति वास्तव में वही आरोपी है, जिसने मासूम बच्ची की हत्या की थी।

मौके पर लोगों ने पुलिस विरोधी नारेबाजी भी की और एनकाउंटर की पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े किए। इससे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया। पुलिस हालात को संभालने और भीड़ को शांत कराने में जुटी रही। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिस आरोपी ने पूरे इलाके को झकझोर देने वाली वारदात को अंजाम दिया, उसके एनकाउंटर की सूचना तो सामने आ गई, लेकिन अब लोग यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि जिसे पुलिस सुनील बता रही है, वह वास्तव में वही आरोपी है।

इसी मांग को लेकर लोग गोबर चौकी पर जमा हो गए और उन्होंने पुलिस से आरोपी का चेहरा दिखाने की मांग की। कुछ लोगों ने एनकाउंटर की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर इस विरोध और चेहरा दिखाने की मांग पर कोई विस्तृत सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे।