आगरा में मंदिरों के पास मीट–मांस की दुकानों पर बवाल, विहिप–बजरंग दल का धरना, नारेबाजी

आगरा। आगरा के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में रविवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल पश्चिम महानगर के नेतृत्व में मंदिरों के समीप संचालित मीट–मांस की दुकानों के विरोध में जोरदार धरना–प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इन दुकानों की जानकारी कई बार पुलिस और प्रशासन को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश बढ़ता गया।

Dec 21, 2025 - 18:12
 0
आगरा में मंदिरों के पास मीट–मांस की दुकानों पर बवाल, विहिप–बजरंग दल का धरना, नारेबाजी
धरना देते विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ता।

आगरा। आगरा के जगदीशपुरा  थाना क्षेत्र में रविवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल पश्चिम महानगर के नेतृत्व में मंदिरों के समीप संचालित मीट–मांस की दुकानों के विरोध में जोरदार धरना–प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इन दुकानों की जानकारी कई बार पुलिस और प्रशासन को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश बढ़ता गया।

धरना स्थल पर बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि धार्मिक स्थलों के आसपास इस तरह की दुकानें न केवल आस्था को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि सामाजिक सौहार्द पर भी असर डालती हैं। इसी को लेकर लोगों ने एक स्वर में मांग की कि मंदिरों के पास संचालित सभी मीट–मांस की दुकानों को तत्काल प्रभाव से बंद कराया जाए।

प्रदर्शन के दौरान विहिप प्रांत उपाध्यक्ष सुनील पाराशर और प्रांत संयोजक दिग्विजय नाथ तिवारी ने कहा कि प्रशासन को पहले भी कई बार अवगत कराया गया था, लेकिन अनदेखी के चलते अब सड़क पर उतरना पड़ा। जिला मंत्री प्रदीप शर्मा और सह मंत्री शिवम दुबे ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

धरने में मीडिया प्रभारी आकाश वर्मा, कार्तिक मुद्गल, करन गर्ग, शिवम अग्रवाल, शिवम जैन, वीरू बघेल, हिमांशु, जतिन, दीपक शर्मा, शिवम शर्मा सहित बड़ी संख्या में हिंदूवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन क्षेत्र में पुलिस-प्रशासन को लेकर नाराजगी साफ नजर आई। फिलहाल लोगों की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।