बाह में चौपाल : सांसद चाहर का जन संवाद, पीएम के 75वें बर्थडे पर 75 किसानों को बीमा का तोहफा

बाह/आगरा। बाह तहसील परिसर में सोमवार से दो दिवसीय सांसद जन चौपाल का आगाज़ हुआ, जो जनता और सरकार को सीधे जोड़ने का सशक्त मंच साबित हुआ। इस चौपाल में 37 विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और हजारों ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं सांसद राजकुमार चाहर के सामने रखीं। इस अवसर पर सांसद चाहर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस पर एक बड़ा ऐलान करते हुए 75 हजार किसानों का कृषक दुर्घटना बीमा अपनी तरफ से निःशुल्क कराने की घोषणा की।

Sep 15, 2025 - 22:35
 0
बाह में चौपाल : सांसद चाहर का जन संवाद, पीएम के 75वें बर्थडे पर 75 किसानों को बीमा का तोहफा
बाह तहसील में सोमवार को आयोजित की गई जन चौपाल में एक दिव्यांग से उसकी तकलीफ पूछते सांसद राज कुमार चाहर।

योजनाओं की जानकारी और आह्वान

सांसद राजकुमार चाहर ने चौपाल स्थल पर लगाए गए विभिन्न योजनाओं से संबंधित स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली और ग्रामीणों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
सांसद ने कहा कि जन चौपाल से समस्याओं का पारदर्शी और त्वरित समाधान संभव है। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) की जानकारी ग्रामीणों को दी और बताया कि मात्र ₹20 वार्षिक प्रीमियम पर ₹2 लाख तक का बीमा लाभ उपलब्ध है। सांसद ने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे इस योजना में पंजीकरण कर इसका लाभ लें।

ग्रामीणों की शिकायतें और विभागीय जवाबदेही

जन चौपाल में किसानों ने सिंचाई, खाद-बीज वितरण और फसल बीमा जैसी समस्याएं उठाईं। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर ग्रामीणों ने दवाओं की कमी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की दुर्दशा पर शिकायतें दर्ज कराईं।
बिजली विभाग के समक्ष उपभोक्ताओं ने आपूर्ति में अनियमितता और बिलिंग संबंधी समस्याएं रखीं, वहीं शिक्षा विभाग के सामने विद्यालयों की सुविधाओं व शिक्षकों की कमी की बातें उठीं। पुलिस विभाग के सामने कानून-व्यवस्था और त्वरित कार्रवाई की मांग रखी गई।
सांसद चाहर ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्रामीणों की समस्याओं का तुरंत निस्तारण हो और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सरकार की प्राथमिकता – गांव, गरीब और किसान

अपने संबोधन में सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान और नौजवानों के उत्थान के लिए निरंतर काम कर रही हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि हर योजना का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुँचना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पुलिस कमिश्नर बोले-थाना प्रभारी भी लगाएं ऐसी चौपाल

कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने कहा कि जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेकर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने सांसद चाहर की सराहना करते हुए सुझाव दिया कि जिस तरह सांसद जन चौपाल लगा रहे हैं, उसी तरह हर थाना प्रभारी को भी गांव-गांव चौपाल आयोजित करनी चाहिए ताकि जनता की समस्याओं का निस्तारण नजदीकी स्तर पर हो सके।

अधाकारियों और भारी जनसमूह की उपस्थिति

इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार, डीसीपी सैयद ली अब्बास, एडीएम अजय नारायण सिंह, पीडी रेनू कुमारी, उपजिलाधिकारी संतोष कुमार शुक्ला, जिला प्रभारी अमित वाल्मीक, पूर्व विधायक मधुसूदन शर्मा, पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा, सुग्रीव चौहान, कृष्णपाल सिंह, नितिन वर्मा, उपेन्द्र सिंह, कप्तान सिंह वर्मा, देवेंद्र रावत, राजेश कुशवाहा, सतेंद्र बरुआ, परमवीर चाहर, सतेंद्र यादव, शूरवीर चाहर, दिनेश पचौरी, रविन्द्र बघेल, अनुज शर्मा, सोनू सैंथिया, सचिन गोयल, दिग्विजय प्रधान, रविन्द्र भदौरिया, सोहित गर्ग समेत भाजपा पदाधिकारी, अधिकारीगण और हजारों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor