बच्चों ने बताया- भारत हमारी पहचान है : भारत को जानो प्रतियोगिता में संस्कृति, ज्ञान और संस्कार की झलक
आगरा। भारतीय संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रभावना को नई पीढ़ी में रोपित करने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद की संपर्क शाखा द्वारा ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता का आयोजन रुनकता स्थित केआर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में किया गया। कार्यक्रम में लगभग 250 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और भारतीय इतिहास, संस्कृति, भूगोल, विज्ञान तथा सामाजिक मूल्यों से जुड़े प्रश्नों का उत्तर देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
अध्यक्ष डॉ. दिग्जेंद्र सिंह ने बताया कि भारत को जानो प्रतियोगिता भारत विकास परिषद की अखिल भारतीय योजना है, जिसमें देशभर के करीब 25 लाख विद्यार्थी सहभागी बनते हैं। प्रतियोगिता शाखा, प्रांतीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय, चार स्तरों पर आयोजित की जाती है। विजेता छात्र अगले चरण में अपनी शाखा का प्रतिनिधित्व करते हैं।
सचिव इना फौजदार ने कहा कि यह केवल परीक्षा नहीं बल्कि भारतीयता का उत्सव है, जो विद्यार्थियों में देश के प्रति गर्व और निष्ठा का भाव जाग्रत करता है।
विद्यालय के प्रबंधक सुरेश चौधरी और प्रधानाचार्य ममता चौधरी ने आयोजन व्यवस्था की प्रशंसा की।
इस अवसर पर बिजेंद्र सिंह वर्मा, वीरेंद्र सिंघल, प्रवीण जैन, पूर्णिमा वर्मा, वीरेंद्र जैन सहित परिषद के सदस्य उपस्थित रहे।