आगरा की जनता के लिए महीने में एक दिन ताजमहल फ्री करो, महानगर सपा ने हल्ला बोल के तहत एएसआई कार्यालय घेरा, बंदरों के आतंक, पर्यटकों की सुरक्षा और बदहाल सुविधाओं के मुद्दे उठाए
आगरा। ताजमहल में पर्यटकों की सुरक्षा, बंदरों के बढ़ते आतंक और मूलभूत सुविधाओं की बदहाली के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को माल रोड स्थित भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के मंडलीय कार्यालय का घेराव किया। महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने फूल सैय्यद चौराहे से जुलूस निकालकर कार्यालय के बाहर धरना दिया। इस दौरान शब्बीर अब्बास ने आगरा की जनता के लिए महीने में कम से कम एक दिन ताजमहल में निःशुल्क प्रवेश की मांग उठाई।
ढोल-नगाड़ों, पार्टी झंडों और तख्तियों के साथ निकला जुलूस “पूछता है आगरा, जवाब दो एएसआई”, “ताजमहल बचाओ-पर्यटकों को सुरक्षा दो” और “आगरा की जनता को उसका अधिकार दो” जैसे नारों के साथ एएसआई कार्यालय पहुंचा। कार्यकर्ताओं के अनुसार ज्ञापन लेने के लिए एएसआई का कोई अधिकारी बाहर नहीं आया। मुख्य गेट बंद कर दिया गया और पुलिस बल बुलाया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने गेट पर ही धरना दिया और जनसभा की।
करोड़ों खर्च के बाद भी सुविधाओं पर सवाल
सभा में शब्बीर अब्बास ने कहा कि ताजमहल भारत की पहचान और विश्व धरोहर है, लेकिन यहां पर्यटकों को शुद्ध पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, पर्याप्त शौचालय और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि ताजमहल परिसर में बंदरों का आतंक बढ़ रहा है और उनके हमलों से देशी-विदेशी पर्यटक, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने ताजमहल की देखरेख और संरक्षण पर होने वाले खर्च में पारदर्शिता की मांग करते हुए कहा कि आगरा की जनता अपनी ही धरोहर देखने के लिए टिकट खरीदने को मजबूर है। उन्होंने मांग की कि आगरा के प्रत्येक नागरिक के लिए महीने में कम से कम एक दिन ताजमहल में प्रवेश निशुल्क किया जाए।
राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन में छह प्रमुख मांगें
सपा के ज्ञापन में पिछले पांच वर्षों में ताजमहल के रखरखाव पर हुए खर्च और टेंडरों की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष व पारदर्शी जांच कराने तथा खर्च का सार्वजनिक हिसाब देने की मांग की गई। साथ ही बंदरों से पर्यटकों की सुरक्षा की स्थायी व्यवस्था, शुद्ध एवं शीतल पेयजल, 24 घंटे फर्स्ट एड, प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी और मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।
ज्ञापन में ट्रांसजेंडर पर्यटकों के लिए सम्मानजनक अलग शौचालय बनाने, परिसर की सुविधाओं की नियमित समीक्षा और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग भी की गई।
मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन की चेतावनी
शब्बीर अब्बास ने कहा कि यह आंदोलन आगरा की जनता, पर्यटन उद्योग और ताजमहल की गरिमा से जुड़े मुद्दों को लेकर है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन में राहुल चतुर्वेदी, ममता टपलू, रवि मेहरा, बलविंद्र सिंह जाटव, गजेंद्र यादव, राहुल चौधरी, डॉ. बबलू वाल्मीकि, फर्रूखसियर, जिया चौधरी, नीरज कांत, हर्ष धाकड़, इमरान कुरैशी, ओम पंडित, श्याम भोजवानी, जमील खान, आकिल अब्बास, राजीव सविता, प्रियंका चौहान, पूनम वाल्मीकि, यामीन मंसूरी, जफर कुरैशी, महावीर सिंह, सोमेश गुप्ता, रघु यादव, फईम उस्मानी, सुरेश कर्दम, जितेंद्र लवानियां गांधी, राशिद मेव, चिराग तोमर, विपिन यादव, ममता शर्मा, रूबी जादौन, लविश यादव और सिराज अब्बास सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।