न्यू आगरा के रामवेद हॉस्पिटल में तीमारदारों और स्टाफ के बीच संघर्ष, सात घायल, भाजपाइयों ने थाना घेरा
आगरा। थाना न्यू आगरा क्षेत्र में न्यू आगरा कॉलोनी स्थित रामवेद हॉस्पिटल में उपचारत एक महिला के तीमारदारों और हॉस्पियल स्टाफ के बीच आज जमकर संघर्ष हुआ, जिसमें दोनों पक्षों के सात लोगों को चोटें आई हैं। हमला तीमारदारों की तरफ से हुआ। जवाब में हॉस्पिटल स्टाफ ने भी मारपीट की। इस घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाना न्यू आगरा को घेर लिया क्योंकि तीमारदार पक्ष के लोग एक भाजपा नेता के नजदीकी हैं।
थाना न्यू आगरा पर पिछले दो घंटे से भी ज्यादा समय से बवाल चल रहा है। थाने के अंदर धरना देकर बैठे भाजपा कार्यकर्ता पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं।
बताया गया है कि विशाल शर्मा ने अपनी पत्नी प्रीति मिश्रा को विगत गुरुवार को रामदेव हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। इससे पूर्व प्रीति का इलाज रवि हॉस्पिटल में चल रहा था। प्रीति डॉक्टर विनीता तनेजा के अधीन उपचाररत है।
आज दोपहर मरीज प्रीति के पति विशाल शर्मा ने मरीज के रूम में टॉयलेट की गंदगी एवं अन्य सफाई संबंधी शिकायत की। अस्पताल का प्रबंध देख रहे संदेश ने उनकी शिकायत सुन सफाई कर्मचारी उनके रूम में भेजे। बकौल संदेश, सफाई के बाद विशाल शर्मा ने महिला सफाई कर्मी के साथ हद दर्जे की बदतमीजी की। तब भी उन्होंने इस मामले को शांत कर दिया था। इसके बाद विशाल शर्मा अपने मोबाइल से घूम घूम कर अस्पताल के वीडियो बनाने लगे। संदेश ने इस पर आपत्ति की और एक बार फिर मामला शांत कर दिया गया।
शाम 5:00 बजे विशाल शर्मा के भाई विक्रांत अस्पताल आए और उन्होंने भी कुछ कहा तो संदेश ने एक बार फिर उन्हें समझा कर शांत कर दिया।
शाम 7:00 बजे डॉक्टर विनीता राउंड पर अस्पताल पहुंचीं और संदेश को साथ लेकर मरीज प्रीति के रूम में लिफ्ट से जा रही थीं, अचानक अस्पताल के बाहर पहले से खड़े 8-10 लोगों ने अस्पताल के अंदर घुसकर सुपरवाइजर राजकुमार को चांटा मार दिया। संदेश का कहना है कि उन्होंने इसके बाद भी मामले को शांत करने की कोशिश की, लेकिन विशाल शर्मा और उनके साथ के लोगों ने सुपरवाइजर राजकुमार को गमला उठाकर मार दिया। इसके बाद अस्पताल का स्टाफ भी जवाब में मारपीट करने लगा। इसके बाद तो दोनों पक्ष एक दूसरे से मारपीट करते रहे।
इस बीच अस्पताल की ओर से पुलिस को फोन पर घटना की सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, इससे पहले ही विशाल शर्मा और अन्य लोग मौके से चले गए थे। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए। अस्पताल की ओर से मामले में मुकदमा लिखने के लिए तहरीर भी दी गई है।
मारपीट की इस घटना में रामदेव अस्पताल के सुपरवाइजर राजकुमार, सफाईकर्मी कुमकुम, अशफाक, सुरक्षा गार्ड एक कर्मचारी विनोद को चोटें आई हैं जबकि दूसरे पक्ष से मरीज प्रीति के पति विशाल शर्मा और उनके भाई विक्रांत को सिर में गंभीर चोटें हैं।
पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को मेडिकल के लिए भेजा है। पुलिस कुछ एक्शन लेती, इससे पहले ही कुछ भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और थाने का घेराव कर लिया। यह भाजपा कार्यकर्ता अस्पताल के स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस के खिलाफ नारे भी लगा रहे थे।
भाजपाइयों का नेतृत्व कर रहे भाजपा नेता राजीव टाटा का कहना था कि उनके दो लोगों के गंभीर चोटें हैं। पुलिस ने उनका उपचार तक नहीं कराया है।