एत्मादपुर में ट्रैक्टर किसान मार्च पर टकराव, पुलिस की बैरिकेडिंग से भड़का आक्रोश, बरहन रोड पर जाम
आगरा। आगरा के एत्मादपुर क्षेत्र में आज उस समय हालात तनावपूर्ण हो गए, जब सिस्टम सुधार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अंशुमन ठाकुर के नेतृत्व में निकाला गया ट्रैक्टर किसान मार्च पुलिस की रोक-टोक का शिकार हो गया। बड़ी संख्या में किसानों के जुटने से आगरा–बरहन मार्ग पूरी तरह जाम हो गया और आवागमन ठप पड़ गया।

जानकारी के अनुसार किसान संगठन क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर ट्रैक्टर मार्च निकालते हुए बरहन रोड से तहसील मुख्यालय की ओर बढ़ रहा था। जैसे ही काफिला आगे बढ़ा, पुलिस ने एहतियातन मार्ग पर बुलडोजर खड़ा कर बैरिकेडिंग कर दी। अचानक रोके जाने से किसानों में रोष फैल गया और उन्होंने बरहन रोड पर ही धरना शुरू कर दिया।
किसानों का कहना था कि वे शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को प्रशासन तक पहुंचाना चाहते थे, लेकिन बिना बातचीत के लगाए गए अवरोध ने माहौल को गरमा दिया। वहीं, सड़क जाम के चलते आम लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और हालात को काबू में रखने का प्रयास किया गया। बरहन रोड जाम होने की सूचना मिलते ही एसडीएम सुमित कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और किसानों व पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य कराने की कोशिश की। समाचार लिखे जाने तक किसान धरने पर डटे रहे और प्रशासन से वार्ता का इंतजार करते रहे।