आगरा समेत 57 शहरों में एक साथ हुई ‘स्वच्छता की मैराथन’, गिनीज बुक रिकॉर्ड की ओर ऐतिहासिक कदम

आगरा। गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड के लिए एक ऐतिहासिक प्रयास के तहत देशभर के 57 शहरों में एक साथ आयोजित मैराथन में लगभग 28 हजार प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यह भव्य आयोजन सूरत के प्रतिष्ठित डायमंड व्यापारी हरि कृष्णा ग्रुप की इकाई किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी के तत्वावधान में किया गया, जिसमें 5 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की मैराथन का आयोजन हुआ।

Dec 29, 2025 - 14:30
 0
आगरा समेत 57 शहरों में एक साथ हुई ‘स्वच्छता की मैराथन’, गिनीज बुक रिकॉर्ड की ओर ऐतिहासिक कदम
फतेहाबाद रोड पर स्वच्छता की मैराथन को हरी झंडी दिखाते लायंस इंटरनेशनल के पूर्व डाइरेक्टर जितेंद्र चौहान। साथ हैं अन्य अतिथि।

इसी क्रम में आगरा में नेहरू नगर, एमजी रोड स्थित किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी फ्रेंचाइजी द्वारा 5 किलोमीटर मैराथन का सफल आयोजन किया गया। फ्रेंचाइजी संचालक प्रशांत मित्तल एवं शांतनु मित्तल के नेतृत्व में यह दौड़ सेल्फी पॉइंट, फतेहाबाद रोड से प्रारंभ होकर क्यान सलोनी बेंक्वेट के सामने कट से वापस लौटते हुए पुनः सेल्फी पॉइंट पर संपन्न हुई। इसमें 296 प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इस मैराथन का मुख्य उद्देश्य स्वच्छ भारत जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लायन पीएमएजी जितेंद्र चौहान (पास्ट लाइन इंटरनेशनल डायरेक्टर) ने प्रातः ठीक 7:00 बजे हरी झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ कराया।

प्रतियोगिता के परिणामों में पुरुष वर्ग में गोरी शंकर ने प्रथम तथा विष्णु कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में अंकिता जैन प्रथम और एकता सिंह द्वितीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को किसना डायमंड ग्रुप की ओर से डायमंड पेंडेंट उपहार स्वरूप प्रदान किए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को फिनिशर मेडल देकर सम्मानित किया गया।

किसना की ओर से प्रतिभागियों के लिए टी-शर्ट, कैप, बैक बैग, फूड सहित अन्य व्यवस्थाएं की गई थीं। आयोजन को और आकर्षक बनाते हुए एथलीट शौर्य गुप्ता की देखरेख में लगभग 11 बच्चों ने रोमांचक स्केटिंग स्टंट भी प्रस्तुत किए, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।

समापन अवसर पर फ्रेंचाइजी संचालक प्रशांत मित्तल एवं रितु मित्तल ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का उत्साहवर्धन करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में लायंस क्लब आगरा विश्वास के सदस्यों का सहयोग विशेष रूप से सराहनीय रहा। कंपनी के एरिया मैनेजर सौरभ कोहली, इंदु मैडम, आगरा स्टोर मैनेजर सौरभ अग्रवाल एवं उनकी टीम ने आयोजन को उत्कृष्ट रूप से संपन्न कराया।

इसके अतिरिक्त राजकुमार शर्मा, निखिल गर्ग, विवेक शर्मा, महावीर मंगल, सुशील बंसल, पंकज अग्रवाल (एडवोकेट), अभिषेक बंसल (सीए) सहित सभी सहयोगियों का योगदान भी प्रशंसनीय रहा।

SP_Singh AURGURU Editor