रोल बॉल वर्ल्ड कप विजेता प्राची पचौरी का सम्मान कर बोले सीएम योगी- कोई समस्या आए तो सीधे मुझसे संपर्क करें
आगरा। दुबई में आयोजित 7वीं रोल बॉल वर्ल्ड कप चैंपियनशिप–2025 में शानदार प्रदर्शन कर भारत और आगरा का नाम रोशन करने वाली ताजनगरी की बेटी प्राची पचौरी को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने प्राची से उनके खेल जीवन, चैम्पियन बनने की यात्रा, संघर्ष और रोल बॉल खेल की पृष्ठभूमि पर विस्तार से संवाद किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्राची की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि वह इसी तरह निरंतर आगे बढ़ते हुए अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का गौरव बढ़ाती रहें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि खेल से जुड़ी किसी भी समस्या या आवश्यकता के लिए प्राची उनसे सीधे संपर्क कर सकती हैं और राज्य सरकार खिलाड़ियों के साथ मजबूती से खड़ी है।
प्राची पचौरी ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि रोल बॉल एक उभरता हुआ खेल है और भारत में इसका भविष्य अत्यंत उज्ज्वल है। बच्चों और युवाओं में इस खेल को लेकर विशेष उत्साह और रुचि देखी जा रही है। उन्होंने बताया कि रोल बॉल वर्ल्ड कप में खेलने और खिताब जीतने के लिए वह पिछले दस वर्षों से निरंतर कठोर अभ्यास और मेहनत कर रही थीं।
प्राची ने कहा कि यदि कोई पूरे मन, लगन और अनुशासन के साथ प्रयास करे तो हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किए जाने के बाद सोमवार को आगरा में प्राची के निवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। अमित अग्रवाल, रामकुमार अग्रवाल, रविंद्र कपिल, सुमित पाराशर, अजय कुमार, मनोज पाठक, राजेश बघेल, पूर्णिमा सिसोदिया, पूनम शर्मा, नीरज त्यागी एवं मनीष अग्रवाल ने प्राची के घर पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
लखनऊ में सम्मान समारोह के दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान, दिग्विजय पचौरी एवं भोला त्यागी भी प्राची के साथ मौजूद रहे। सभी ने उनकी सफलता को आगरा ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।