सीएम योगी ने अलीगढ़ जिले को दी 1194 करोड़ की 188 परियोजनाओं की सौगात

  अलीगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अलीगढ़ को 1194 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगातें दीं। इस दौरान उन्होंने 188 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही जनप्रतिनिधियों संग विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की और योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, टूल किट और आवास की चाबियां भी सौंपी।

Aug 5, 2025 - 13:23
 0
सीएम योगी ने अलीगढ़ जिले को दी 1194 करोड़ की 188 परियोजनाओं की सौगात
सीएम योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अलीगढ़ के नुमाइश ग्राउंड में मंच पर मौजूद दिखाई दे रहे हैं। सभा में उपस्थित भीड़।

कलक्ट्रेट में जनप्रतिनिधियों संग की समीक्षा बैठक

सीएम योगी सुबह 10 बजे आईटीआई परिसर में बने हेलीपैड पर पहुंचे, जहां से सड़क मार्ग से कलक्ट्रेट सभागार पहुंचे। यहां अलीगढ़, एटा, हाथरस और कासगंज के सांसदों, विधायकों व विधान परिषद सदस्यों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में खासतौर पर लोक निर्माण विभाग के कार्यों की स्थिति पर चर्चा की गई।
सीएम ने पूर्व में दिए गए प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण किया जाए। नगर विकास, पर्यटन और लोक निर्माण विभाग के प्रदेश स्तरीय अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पौधरोपण और स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि

बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कलक्ट्रेट पार्क में पौधरोपण किया और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।

कोहिनूर मंच पर लाभार्थियों को सौंपे प्रमाण-पत्र व चाबियां

करीब साढ़े 11 बजे सीएम योगी नुमाइश ग्राउंड स्थित कोहिनूर मंच पर पहुंचे, जहां आयोजित भव्य जनसभा के मंच पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, टूल किट, प्रमाण पत्र और पीएम आवास योजना की चाबियां वितरित कीं। उन्होंने मंच से कहा कि प्रदेश सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए समर्पित है और विकास की गति को और तेज किया जाएगा।

1194 करोड़ के 188 कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास

सीएम योगी ने मंच से जिले को 1194 करोड़ रुपये की जिन 188 विकास परियोजनाओं की सौगात दी, उनमें सड़क निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई, नगरीय विकास व पर्यटन से संबंधित कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर परियोजना समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी हो।

SP_Singh AURGURU Editor