सीएम योगी ने किया दीनदयाल स्मृति महोत्सव का पोस्टर लॉन्च, फरह में गूंजेगा ‘स्वदेशी’ का स्वर
आगरा/मथुरा/लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित अपने कार्यालय में फरह (मथुरा) में 18 से 21 सितंबर तक आयोजित होने जा रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव मेले का पोस्टर विमोचित किया। मेला समिति ने मुख्यमंत्री को 19 सितंबर को होने वाले विराट युवा सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है।
स्वदेशी और संस्कृति की झलक
महोत्सव समिति के मंत्री मनीष अग्रवाल ‘रावी’ ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजन स्वदेशी भारत की ओर कदम बढ़ाने और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की स्मृति को समर्पित रहेगा। चार दिवसीय मेले में संस्कृति, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के विविध आयामों की झलक मिलेगी। इस बार थीम अपने सामान का सम्मान – स्वदेशी से आत्मनिर्भरता पर केंद्रित रहेगी।
सीएम योगी का संदेश
पोस्टर विमोचन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार आज भी राष्ट्र निर्माण के पथप्रदर्शक हैं। ऐसे आयोजन समाज को उनकी प्रेरणा से जोड़ते हैं और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त बनाते हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छटा
स्मारक समिति के मंत्री केशव कुमार शर्मा ने बताया कि मेले के दौरान प्रत्येक दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जो भारत की विविध संस्कृति और परंपराओं को प्रदर्शित करेंगे।
इस मौके पर मेला समिति के मंत्री मनीष अग्रवाल ‘रावी’ ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष सोहनलाल शर्मा, कोषाध्यक्ष नरेंद्र पाठक, मंत्री केशव शर्मा और सीए अभिषेक जैन मौजूद रहे।