aurguru news : सीएम योगी श्री कृष्ण जन्मस्थान और बांके बिहारी दर्शन करने पहुंचे, भक्तों से मिले और सनातन धर्म की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया
मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय मथुरा भ्रमण के दूसरे दिन 26 अगस्त को प्रातः श्री कृष्ण जन्म स्थान स्थित भागवत भवन पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में भक्तगण भगवान के दर्शन और योगी आदित्यनाथ का संबोधन सुनने के लिए उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की और नंदोत्सव की बधाई दी।
पूजा करने के बाद भागवत भवन की सीढ़ियो पर बनाए गए एक मंच से उन्होंने भक्तों को संबोधित किया। उस समय सभी भक्त श्री कृष्ण जन्म स्थान परिसर स्थित लीलामंच पर और लीला मंच के आसपास बहुत बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
कृष्ण भक्तों से उन्होंने कहा कि हमें सनातन धर्म की रक्षा करनी है। यदि यह रक्षा नहीं हुई तो हम अपने आप को कभी क्षमा नहीं करेंगे। सनातन धर्म पर दूसरे धर्म हावी होते चले जाएंगे। सभी देख रहे हैं कि बांग्लादेश में क्या स्थिति बनी है। ऐसी स्थिति तब है, जब बांग्लादेश 1971 में बना था। वहां मंदिर तोड़े जा रहे हैं और हिंदुओं को मारा जा रहा है।
उन्होंने भगवान श्री कृष्ण के 5251 वें जन्मोत्सव की व्यवस्थाओं की प्रशंसा की। सरकार ब्रज में अनेक सुविधाएं भक्तों के लिए उपलब्ध करा रही हैं। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद दिन-रात प्रयास कर रहा है। यहां की सांसद हेमा मालिनी भी भक्तों की सुविधा के लिए श्री कृष्ण युगीन स्थलों को विकसित कर रही है। और भी तमाम कार्य हो रहे हैं। अब उत्तर प्रदेश विकसित प्रदेश की श्रेणी में आ गया है।
इस मौके पर गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, प्रभारी मंत्री संदीप सिंह सभी विधायक, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र आदि उपस्थित थे।
भागवत भवन में श्री कृष्ण जन्म स्थान संस्थान के सचिव कपिल शर्मा और सदस्य गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया। इससे पूर्व 25 अगस्त को रात 9:00 बजे योगी आदित्यनाथ पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के बजाय सीधे वृंदावन पहुंचे। वहां उन्होंने बांके बिहारी मंदिर में दर्शन किए। मंदिर के सेवायत प्रहलाद बल्लभ गोस्वामी आदि ने प्रसाद भेंट किया। मंदिर से संबंधित कुछ जानकारियां प्रदान कीं।