बाराबंकी में सीएम योगी दहाड़े-  अब बाबरी के ढांचे का पुनर्निर्माण नहीं होगा, कयामत का सपना देख रहे लोग इसके इंतजार में सड़-गल जाएंगे पर यह दिन नहीं आएगा, सनातनी एकजुट रहें, बंट गये तो कटने का रास्ता खुल जाएगा

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी में विराट हनुमत सम्मेलन को संबोधित करते हुए बाबरी मस्जिद और सनातन धर्म से जुड़े मुद्दों पर बेहद आक्रामक और स्पष्ट बयान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब देश में बाबरी मस्जिद के ढांचे का पुनर्निर्माण नहीं होगा। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि जिन लोगों को कयामत आने का सपना दिख रहा है, वे उसी इंतजार में सड़-गल जाएंगे, क्योंकि वह दिन कभी आने वाला नहीं है।

Feb 10, 2026 - 19:41
 0
बाराबंकी में सीएम योगी दहाड़े-  अब बाबरी के ढांचे का पुनर्निर्माण नहीं होगा, कयामत का सपना देख रहे लोग इसके इंतजार में सड़-गल जाएंगे पर यह दिन नहीं आएगा, सनातनी एकजुट रहें, बंट गये तो कटने का रास्ता खुल जाएगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि विभाजनकारी शक्तियां सक्रिय हैं। वे बांटने का हर संभव प्रयास कर रही हैं। हमें इस ओर सतर्क रहना होगा। हमें एकजुट रहना है। उन्होंने कहा कि अगर हम बंटे तो फिर से कटने का रास्ता खुल जाएगा। 

सीएम योगी ने कहा कि हमने पहले भी कहा था कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे  और आज पूरा देश देख रहा है कि मंदिर वहीं बना है। उन्होंने दोहराया कि यह सरकार जो कहती है, वही करती है और जितना करती है, उतना ही बोलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब फिर स्पष्ट कर दिया गया है कि बाबरी ढांचे के पुनर्निर्माण का सपना देखने वालों का सपना कभी पूरा नहीं होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 नवंबर को अयोध्या धाम पहुंचकर श्री राम मंदिर में भव्य केसरिया ध्वज का आरोहण किया था, जो सनातन संस्कृति और भारत के गौरव का प्रतीक है और यह ध्वज आने वाले समय में भी देश को दिशा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि भारत और सनातन धर्म एक-दूसरे के पूरक हैं, इन्हें अलग नहीं किया जा सकता।

सीएम योगी ने सनातन धर्म पर हो रहे वैश्विक हमलों को लेकर लोगों को सचेत रहने की अपील करते हुए कहा कि कुछ ताकतें भारत की प्रगति और विकसित भारत की संकल्पना को पचा नहीं पा रही हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग साजिश कर रहे हैं, कुछ लोग साजिश का शिकार हो रहे हैं और कुछ लोग बिक कर साजिश का हिस्सा बन रहे हैं। इन तीनों प्रवृत्तियों से देश और समाज को बचाने के लिए सभी को सतर्क और तैयार रहना होगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया और कहा कि प्रदेश के 16 करोड़ परिवारों को हर साल पेंशन दी जा रही है, जो सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का प्रमाण है। इस अवसर पर राज्य सरकार के मंत्री, बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं संत समाज के लोग मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor