आगरा में बोले सीएम योगी- अगले तीन दिन सारे काम छोड़कर सिर्फ एसआईआर पर फोकस करें, जनप्रतिनिधि फुल अलर्ट मोड में रहें
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा मंडल के सांसदों, विधायकों, महापौरों, जिला पंचायत अध्यक्षों और भाजपा संगठन पदाधिकारियों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि अगले तीन दिन सभी अन्य काम छोड़कर सिर्फ एसआईआर के काम में पूरी ताक़त झोंक दें। उन्होंने आगाह किया कि विपक्ष विशेषकर सपा बाहर से विरोध कर रही है, लेकिन भीतर ही भीतर पूरी ताकत के साथ अपनी एसआईआर को आगे बढ़ा रही है, इसलिए भाजपा को अब पूरी सजगता और तेजी के साथ काम करना होगा।

मुख्यमंत्री की एसआईआर समीक्षा बैठक का एक दृश्य।
आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को आगरा मंडल के आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी जिलों से संबंधित भाजपा सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों, जिला पंचायत अध्यक्षों, महापौरों, जिलाध्यक्षों और बीएलए-1 के साथ एसआईआर की स्थिति पर समीक्षा बैठक करने आए। बैठक मंडलायुक्त सभागार में आयोजित की गई।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा–वार अब तक की एसआईआर की प्रगति सामने रखी और जिन क्षेत्रों में अपेक्षित स्तर तक काम नहीं हुआ है, वहां के विधायकों, सांसदों और पदाधिकारियों को कड़े शब्दों में निर्देश दिया कि अगले तीन दिन सिर्फ एसआईआर में जुट जाएं, कोई अन्य कार्य इस दौरान प्राथमिकता में न लें।
शहरी इलाकों की धीमी प्रगति पर योगी की नाखुशी
सीएम ने बताया कि समीक्षा में सामने आया कि आगरा महानगर की तीनों विधानसभा सीटों पर भाजपा समर्थित मतदाताओं की 55% मैपिंग ही हो पाई है, जो चिंताजनक है। इसी तरह फिरोजाबाद महानगर, मथुरा महानगर और मैनपुरी महानगर की स्थिति काफी खराब पाई गई।
उन्होंने साफ कहा कि अब किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शहरी क्षेत्रों में खास अभियान चलाकर मैपिंग पूरी की जाए।
गली-मोहल्लों में जाकर कराएं एसआईआर का काम
मुख्यमंत्री योगी ने सभी विधायकों, सांसदों, पार्षदों और संगठन पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि तीन दिन अपनी पूरी ताक़त झोंक दें। गली-कूचों, मोहल्लों में स्वयं जाएं और एसआईआर पूरा कराएं।
विपक्ष का बाहर विरोध, अंदर पूरी तैयारी, बोले सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सहित विपक्षी दल बाहर से एसआईआर का विरोध कर रहे हैं, लेकिन अंदरखाने अपने सभी कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से इसी काम में लगा रखा है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को चेताते हुए कहा कि यह समय सजग रहने का है। बूथ स्तर पर एसआईआर मज़बूत होगा तो संगठन भी मज़बूत होगा।
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट आने के बाद और अधिक सजग रहना होगा
योगी ने कहा कि एसआईआर के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची आएगी, जिसे सावधानी से जांचना बेहद जरूरी है। उन्होंने तीन प्रकार के फॉर्म भरने की प्रक्रिया भी समझाई- फॉर्म 6 तब भरवाएं जब किसी पात्र व्यक्ति का नाम छूट गया हो। फॉर्म 7 - यदि सूची में कोई गलत व्यक्ति शामिल हो गया हो और फॉर्म 8 इस बात के लिए होता है कि यदि किसी मतदाता के नाम/जानकारी में त्रुटि हो तो सुधार करा लें। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से बाहर नहीं रहना चाहिए।
ग्रामीण क्षेत्रों की प्रगति बेहतर, लेकिन लक्ष्य अभी अधूरा
मुख्यमंत्री ने बताया कि शहरी क्षेत्रों के मुकाबले देहात में एसआईआर की प्रगति बेहतर है, पर जहां भी कार्य शेष है, वहां अगले तीन दिन में इसे हर हाल में पूरा कराना होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत करते भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया और महानगर अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता।
बैठक में कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, जयवीर सिंह, चौधरी लक्ष्मी नारायण और योगेंद्र उपाध्याय, सांसद राज कुमार चाहर, राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ. धर्मपाल सिंह, रानी पक्षालिका सिंह, छोटे लाल वर्मा, भगवान सिंह कुशवाह और चौधरी बाबू लाल, एमएलसी विजय शिवहरे, भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया और महानगर अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता, साथ ही मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया तथा मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी के सभी मेयर, जिला पंचायत अध्यक्ष और विधायक मौजूद रहे।