सदर बाजार में खड़ी सीएनजी कार में लगी आग, मची अफरा-तफरी, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

सदर बाजार के गोपी चंद शिवहरे रोड पर खड़ी एक सीएनजी कार में सोमवार शाम अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, हालांकि कार को भारी नुकसान पहुंचा। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

Jan 12, 2026 - 20:15
 0
सदर बाजार में खड़ी सीएनजी कार में लगी आग, मची अफरा-तफरी, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
सड़क पर खड़ी कार में लगी आग।

आगरा। सदर बाजार क्षेत्र के गोपी चंद शिवहरे रोड पर सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे खड़ी एक सीएनजी कार में अचानक आग लग गई। कार से तेज धुआं उठता देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में धुआं निकलते ही उसमें सवार लोग तुरंत बाहर निकल आए। कुछ ही पलों में आग ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। बाजार क्षेत्र होने के कारण आसपास कई वाहन खड़े थे, जिन्हें सतर्कता के तौर पर तुरंत हटाया गया, ताकि आग अन्य वाहनों तक न फैल सके।

स्थानीय दुकानदारों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों ने पानी और फोम की मदद से आग को पूरी तरह बुझाया।

प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि कार को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के दौरान कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा। आग बुझने के बाद स्थिति सामान्य हुई और यातायात बहाल किया गया।