बारिश के बाद आगरा में बढ़ गई गलन
आगरा। कल शाम हुई तेज बारिश और आज सुबह हुई हल्की बूंदाबांदी ने गलन बढ़ा दी है। आज शाम में चली ठंडी हवा ने गलन में और इजाफा किया। इसके कारण लोग अपने घरों में भी ठिठुरते रहे। आगरा में आज अधिकतम तापमान 20 डिग्री तक रिकार्ड किया गया। आगरा ही नहीं बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार में शीतलहर का दौर जारी है। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और कश्मीर के ऊंचे इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी देखने को मिल रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, 13 और 14 जनवरी को आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा के साछ ही दिल्ली-एनसीआर का मौसम भी साफ रहेगा। धूप खिल सकती है। हालांकि सुबह में ज्यादातर जगहों पर मध्यम कोहरा रहेगा। कुछ जगहों पर घना कोहरा रहेगा। अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहेगा। 15 से 17 जनवरी के बीच मध्यम कोहरा रहेगा। अधिकतम तापमान 18 से 19 डिग्री अैर न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक रहेगा।
हिमाचल में शीतलहर जारी, बर्फबारी की संभावना
हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का कहर जारी है और स्थानीय मौसम विभाग ने रविवार को निचले और मैदानी इलाकों में मध्यम बारिश और मध्यम और ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में अलग-अलग जगह पर बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। पिछले 24 घंटों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा। मौसम विभाग ने बताया कि 14 जनवरी 2025 की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।
कैसा है कश्मीर का मौसम?
कश्मीर में रातभर बादल छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि हुई, लेकिन यह हिमांक बिंदु से नीचे बरकरार रहा। मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार रात श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि इससे पिछली रात यह शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस नीचे था। दक्षिण कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा के आधार शिविरों में से एक पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि इससे पिछली रात यह शून्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस नीचे था। पहलगाम घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम विभाग ने कहा कि घाटी में 18 जनवरी तक बादल छाए रहेंगे, लेकिन मौसम शुष्क रहेगा। 15 और 16 जनवरी को ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्का हिमपात होने की संभावना है।