पैसे वसूले और सुविधाएं छीन लीं: पारस पर्ल्स के बिल्डर पर फूटा रेजिडेंट्स का गुस्सा

आगरा। ना जनरेटर, ना लिफ्ट, ना सफाई, फिर भी हर महीने मोटी कमाई! यह नारा आज उस समय गूंज उठा जब लोहामंडी क्षेत्र स्थित पारस पर्ल्स एक्सटेंशन के सैकड़ों निवासी बिल्डर मुकेश जैन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए सड़क पर उतर आए। आठ साल से बुनियादी सुविधाओं से वंचित ये परिवार अब बिल्डर की लूट के खिलाफ एकजुट हो चुके हैं।

Jul 1, 2025 - 16:04
 0
पैसे वसूले और सुविधाएं छीन लीं: पारस पर्ल्स के बिल्डर पर फूटा रेजिडेंट्स का गुस्सा

 -आठ साल से झेल रहे बुनियादी समस्याएं, अब खुद की कार्यकारिणी बनाकर लिया मुकाबले का मोर्चा

बिल्डिंग में रह रहे 150 फ्लैट मालिकों ने कहा कि वे अब झूठे वादों के नहीं, अधिकारों के मोर्चे पर हैं। लोगों ने अपनी कार्यकारिणी गठित कर सोसायटी की जिम्मेदारी अपने हाथों में लेने की घोषणा की।

मनमाने रेट पर बिजली की सप्लाई

निवासियों का कहना है कि बिल्डर द्वारा हर फ्लैट से प्रतिमाह 3-4 हजार रुपये मेंटेनेंस के नाम पर वसूले जा रहे हैं। 40 हजार रुपए पहले ही वन टाइम मेंटेनेंस के नाम पर लिए जा चुके हैं। इसके बावजूद बिजली का निजी कनेक्शन लेने की आजादी भी नहीं है। बिल्डर ने खुद टोरंट से एक कनेक्शन ले रखा है और उसी के ज़रिए मनमाने रेट पर बिजली सप्लाई की जा रही है।

सात लिफ्ट का वादा, 3 में ही फंसी हुई है जिंदगी

महासचिव अशीष जैन और उपाध्यक्ष नीरज जैन ने बताया कि 7 लिफ्ट का वादा किया गया था, लेकिन सिर्फ 3 लिफ्टें ही लगी हैं। फायर एनओसी और एडीए से सीसीओसी प्रमाणपत्र तक नहीं लिए गए हैं। बिल्डिंग के बाहर कूड़े के ढेर, खराब सीसीटीवी, जगह-जगह दरारें और कभी भी गिरने लायक दीवारें, सबकुछ लापरवाही और लालच का सबूत बन चुकी हैं।

जनरेटर का पैसा खा गए, खुद झूठा दिलासा लाए

निवासियों ने बताया कि हर फ्लैट से जनरेटर के नाम पर 35 हजार रुपए लिए गए, लेकिन एक भी जनरेटर नहीं लगाया गया। लाइट जाने पर अंधेरे में चलती जिंदगी और खराब सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
निवासियों ने बताया कि अगर कोई वृद्ध या बीमार व्यक्ति सातवीं मंजिल पर रहता है और कोई अनहोनी हो जाए, तो सीढ़ियों से अर्थी उतारनी पड़ती है, क्योंकि बिल्डिंग में लगेज लिफ्ट तक नहीं है।

प्रदर्शन के बाद पहुंचे बिल्डर, तीन महीने में सब ठीक करने का वादा

जब लोगों ने प्रदर्शन किया तो बिल्डर मुकेश जैन मौके पर पहुंचे। उन्होंने 3-4 माह में सभी कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया, लेकिन अध्यक्ष विकास गर्ग ने दो टूक कहा कि अब आश्वासन नहीं, काम चाहिए। नहीं तो चार माह बाद इससे भी बड़ा आंदोलन होगा।

निवासी बोले- अब साथ मिलकर करेंगे हक की लड़ाई

सभी फ्लैट मालिकों ने एकमत से फैसला लिया कि वे अब शोषण नहीं सहेंगे और न्याय व अधिकार की लड़ाई खुद लड़ेंगे। आज के प्रदर्शन में प्रमुख रूप से डॉ. अशोक गर्ग, दीपक ठाकुर, प्रवीन उपाध्याय, जितेन्द्र गर्ग, दिव्या तुलसानी, श्वेता बैनारा, नेहा जैन, भावेश जैन समेत दर्जनों लोग शामिल रहे।

SP_Singh AURGURU Editor