आगरा में सराहनीय पहलः दिवाली के बाद ब्राह्मण परिषद ने उठाया गणेश-लक्ष्मी मूर्ति विसर्जन का दायित्व

आगरा। दिवाली के बाद भगवान गणेश जी और माता लक्ष्मी की पूजित पुरानी मूर्तियों का विधि विधान से विसर्जन कराने के लिए अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान ब्राह्मण परिषद चला रही है। इसी क्रम में रविवार को शहरभर में फैली पुरानी मूर्तियों को सम्मानपूर्वक एकत्रकर हाथी घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनका विधिपूर्वक विसर्जन किया गया।

Oct 26, 2025 - 18:58
 0
आगरा में सराहनीय पहलः दिवाली के बाद ब्राह्मण परिषद ने उठाया गणेश-लक्ष्मी मूर्ति विसर्जन का दायित्व
आगरा में यमुना के हाथी घाट पर लक्ष्मी-गणेश की पुरानी मूर्तियों को विसर्जित करते ब्राह्मण परिषद के सदस्य। साथ हैं भाजपा नेता प्रमोद गुप्ता।

परिषद के सदस्यों ने बताया कि दिवाली पर नई मूर्तियां घरों में प्रतिष्ठित करने के बाद लोग पुरानी मूर्तियां सड़कों, पीपल के पेड़ों के नीचे या कूड़े के ढेरों में छोड़ देते हैं। यह दृश्य न केवल आस्था का अपमान है बल्कि धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंचाता है।

इसी संवेदना के चलते सामाजिक कार्यकर्ता सुनील दुबे के नेतृत्व में ब्राह्मण परिषद ने विशेष वाहनों के माध्यम से पूरे शहर में भ्रमण कर मूर्तियां एकत्र कीं। बाद में नगर निगम के सहयोग से इन्हें यमुना किनारे हाथी घाट स्थित विशेष कुंड में वैदिक विधि से विसर्जित किया गया।

सुनील दुबे ने बताया कि हम हर साल यह अभियान चलाते हैं, ताकि हमारी आराध्य मूर्तियों का अपमान न हो। इस बार भी हमने लगभग 11,000 गणेश-लक्ष्मी मूर्तियों के जोड़े एकत्र किए और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विसर्जन किया। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि लोग पुरानी मूर्तियां खुले स्थानों पर न रखें। यदि आप खुद विसर्जन नहीं कर सकते तो उन्हें सुरक्षित स्थान पर रख दें, हमारी टीम उन्हें सम्मानपूर्वक विसर्जित करेगी।

इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रमोद गुप्ता, ब्राह्मण परिषद के प्रांजल भारद्वाज, राजेंद्र शर्मा, सुनील दत्त शर्मा, आरके पांडे, नरेंद्र कुमार शर्मा, प्रवीण शर्मा, मणि दुबे, अशोक राजपूत, सुमित व मनीष थापक, हरिओम शर्मा, अनीश चतुर्वेदी, राहुल चतुर्वेदी, सुनील कनौजिया, सुमित मुद्गल, मयंक, सुधीर राठौर, सुनील तिवारी आदि मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor