आगरा में संचारी रोग नियंत्रण अभियान पांच अक्टूबर से, घर-घर दस्तक देगी टीम

आगरा। अक्टूबर माह में जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान का आयोजन 5 से 31 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इसके साथ ही 11 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलाकर घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। अभियान की योजना टीटीएफ (तहसील टास्क फोर्स) की बैठक में बनाई गई, जिसकी अध्यक्षता एसडीएम एत्मादपुर सुमित सिंह ने की।

Sep 23, 2025 - 22:20
 0
आगरा में संचारी रोग नियंत्रण अभियान पांच अक्टूबर से, घर-घर दस्तक देगी टीम
संचारी रोग नियंत्रण अभियान की योजना को अंतिम रूप देते एसडीएम एत्मादपुर सुमित सिंह।

अभियान में आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार रोगियों, इंफ्लुएंजा लाइक इलनेस रोगियों, कुष्ठ रोग, फाइलेरिया, दिमागी बुखार, कालाजार और कुपोषित बच्चों की सूची तैयार करेंगी। सभी विवरण ई-कवच पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। अभियान के दौरान लोगों को मच्छर जनित रोगों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।

बैठक में निर्देश दिए गए कि टीकाकरण से वंचित बच्चों के परिवार सहयोग करें। हाई रिस्क एरिया में पंचायती राज विभाग एंटी लार्वा का छिड़काव और सफाई कराएं। वीएचएसएनडी दिवस में बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और गर्भवती महिलाओं के लिए अलग कक्ष की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

यूनिसेफ की बीएमसी सपना उपाध्याय ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान और नियमित टीकाकरण का फीडबैक साझा किया।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिला मलेरिया अधिकारी राजेश गुप्ता ने कहा कि अभियान बरसात के बाद मौसम में और भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि मच्छरों का प्रकोप बढ़ेगा। लोगों को निर्देशित किया गया कि नालियों में पानी जमा न होने दें और झाड़ियों की सफाई करें। घर में कहीं भी साफ पानी जमा न होने दें। हाथों की स्वच्छता और शौचालय का प्रयोग करें। बच्चों को स्वच्छता व्यवहार सिखाएं। किसी भी प्रकार का बुखार होने पर अस्पताल चिकित्सक से ही इलाज कराएं। बुखार के लक्षण दिखने पर आशा कार्यकर्ता की मदद लें या 108 नंबर एम्बुलेंस से अस्पताल जाएं। बिना परामर्श दवा का सेवन न करें।

SP_Singh AURGURU Editor