विवादित वेब सीरीज़ के निर्माता और अभिनेता पर एफआईआर के लिए पुलिस कमिश्नर और थाना न्यू आगरा को भेजी तहरीर
ब्राह्मण समाज को बदनाम करने के आरोप में वेब सीरीज़ के निर्माता–निर्देशक और अभिनेता के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की मांग आगरा से भी उठी है। आगरा में राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने पुलिस कमिश्नर आगरा और थाना न्यू आगरा को शिकायती प्रार्थना पत्र भेजकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
आगरा। राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने वेब सीरीज़ निर्माता–निर्देशक नीरज पांडेय तथा अभिनेता मनोज बाजपेई सहित अन्य कलाकारों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज किए जाने के लिए पुलिस कमिश्नर आगरा एवं थाना न्यू आगरा को लिखित शिकायत प्रार्थना पत्र भेजा है।
शिकायत में वरिष्ठ अधिवक्ता ने उल्लेख किया है कि वह एक ब्राह्मण परिवार में जन्मे हैं और एक संभ्रांत नागरिक होने के साथ-साथ अधिवक्ता के रूप में समाज में प्रतिष्ठित स्थान रखते हैं। उन्होंने बताया कि दिनांक 8 फरवरी को समाचार पत्रों के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली कि निर्माता–निर्देशक नीरज पांडेय द्वारा एक वेब सीरीज़ “घूंसखोर पंडत” बनाई गई है।
शिकायत प्रार्थना पत्र के अनुसार उक्त वेब सीरीज़ में अभिनेता मनोज बाजपेई सहित अन्य कलाकारों द्वारा ब्राह्मण समाज के विरुद्ध अनर्गल, मिथ्या एवं मनगढ़ंत आरोप प्रस्तुत कर समाज को बदनाम करने का प्रयास किया गया है। वरिष्ठ अधिवक्ता ने कहा कि ब्राह्मण समाज सदियों से समाज को शिक्षा, संस्कृति, संस्कार और नैतिक मार्गदर्शन प्रदान करता आ रहा है, किंतु बीते कुछ वर्षों से राजनीतिक एवं सामाजिक दुर्भावना के चलते ब्राह्मण समाज को बिना कारण निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वेब सीरीज़ के माध्यम से निर्माता, निर्देशक और कलाकारों ने समाज को बांटने एवं आपसी विद्वेष फैलाने का कार्य किया है, जो न केवल सामाजिक सौहार्द के लिए घातक है बल्कि कानून व्यवस्था को भी प्रभावित कर सकता है। शिकायतकर्ता ने कहा कि वह स्वयं ब्राह्मण समाज का अभिन्न अंग हैं, इसलिए यह कृत्य समाज के साथ-साथ उनका व्यक्तिगत अपमान भी है।
प्रार्थना पत्र में ऐसे कथित समाज-विरोधी एवं विघटनकारी तत्वों के विरुद्ध सख्त धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति या संस्था किसी समाज विशेष के विरुद्ध इस प्रकार की कथित आपत्तिजनक सामग्री प्रस्तुत करने का साहस न कर सके।
वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने यह भी बताया कि इस मामले को लेकर कल अधिवक्ताओं एवं समाज के प्रबुद्ध लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल थाना न्यू आगरा के प्रभारी निरीक्षक से भेंट कर कार्रवाई की मांग करेगा।