देवउठनी एकादशी पर भक्ति, वैदिक वैभव और उत्सव का संगमः आगरा के आयोजनों में झूमी आस्था

आगरा। देवउठनी एकादशी के पावन पर्व पर शनिवार को पूरे शहर में धार्मिक उत्साह और भक्ति का अप्रतिम दृश्य देखने को मिला। तुलसी–शालिग्राम विवाह, श्याम जन्मोत्सव और वैदिक अनुष्ठानों ने नगर को आध्यात्मिक रंगों से सराबोर कर दिया। मंदिरों में घंटा-घड़ियालों की गूंज, भजनों की मधुर ध्वनियों और पुष्प सज्जा की दिव्यता से वातावरण आनंदमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह भगवान शालिग्राम के विवाह उत्सवों में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

Nov 1, 2025 - 21:38
 0
देवउठनी एकादशी पर भक्ति, वैदिक वैभव और उत्सव का संगमः आगरा के आयोजनों में झूमी आस्था
श्री मनःकामेश्वर मंदिर, रावत पाड़ा में महिला मंडल द्वारा आयोजित तुलसी–शालिग्राम विवाह समारोह की वर यात्रा में सम्मिलित हरिहर पुरी व महिलाएं।

श्री मनःकामेश्वर मंदिर में तुलसी–शालिग्राम विवाह का दिव्य उत्सव

हरे बांस मंडप पर छाए, तुलसा जी को ब्याहने शालिग्राम आए… भक्ति और आनंद से सराबोर श्री मनःकामेश्वर मंदिर, रावतपाड़ा में शनिवार को तुलसी–शालिग्राम विवाह समारोह सम्पन्न हुआ। श्री मनःकामेश्वर महिला मंडल द्वारा आयोजित इस आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मंदिर परिसर से निकली भव्य वर यात्रा सुभाष बाजार, जौहरी बाजार, रावतपाड़ा और दरेसी मार्ग से होती हुई मंदिर लौटी। जयकारों, पुष्पवर्षा और भक्ति गीतों ने यात्रा को अद्भुत बना दिया।

तिलकायत मठ के श्रीमहंत योगेश पुरी और मठ प्रशासक हरिहर पुरी के नेतृत्व में विवाह संस्कार वैदिक विधि से सम्पन्न हुआ। मुख्य यजमान नीलिमा गुप्ता और राहुल गुप्ता ने तुलसी माता का कन्यादान किया।
महिला मंडल की दीप्ति गर्ग ने बताया कि कार्तिक मास भर तुलसी माता का विशेष पूजन कर आज विवाह संस्कार की पूर्णाहुति की गई।

श्री महालक्ष्मी मंदिर, बल्केश्वर में वैदिक मंगलध्वनियों के बीच विवाह संस्कार सम्पन्न

श्री महालक्ष्मी मंदिर, बल्केश्वर में तुलसी–शालिग्राम विवाह अवसर पर संजय अग्रवाल, मोनिका व मनीष गोयल वैदिक अनुष्ठान में सम्मिलित।

यमुना तट स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर, बल्केश्वर में तुलसी–शालिग्राम विवाह भक्ति और वेद-मंत्रों के साथ सम्पन्न हुआ। श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल एवं श्री देवीजी मंदिर ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस आयोजन में मंदिर को फूलों और दीपों से सजाया गया।

विवाह संस्कार पंडित रमाकांत पांडे ने वैदिक विधि से संपन्न कराए। वधु पक्ष से मनीष व मोनिका गोयल और वर पक्ष से हेमंत व पायल मोहता ने रीति-रिवाज निभाए।

अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन सनातन परंपरा के संरक्षण और भक्तों के आध्यात्मिक उत्थान के लिए हर वर्ष किया जाता है।

श्याम बाबा के जन्मोत्सव पर मिला भक्तों को ‘लिफ्ट सेवा’ का दिव्य उपहार

जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में देवउठनी पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब।

जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में देवउठनी एकादशी पर श्रद्धा और भक्ति का सागर उमड़ पड़ा। लाखों भक्तों के बीच मंदिर प्रबंधन ने श्याम बाबा के जन्मोत्सव पर निःशुल्क “लिफ्ट सेवा” का शुभारंभ किया, ताकि वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांग श्रद्धालु सुगमता से दर्शन कर सकें।
विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने लिफ्ट सेवा का उद्घाटन किया। दिनभर छप्पन भोग, फूल बंगला, विशेष श्रृंगार, और रात्रि भजन संध्या में हारे के सहारे बनो सरकार श्याम…जैसे भजनों ने भक्तों को भावविभोर किया।

अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल ने बताया कि आगरा में यह मंदिर उत्तर भारत का पहला श्याम धाम है, जहाँ हर वर्ष भक्तों का अपार सैलाब उमड़ता है।

पारस पर्ल्स अपार्टमेंट में महिलाओं की बरात ने रचा भक्ति का अनोखा दृश्य

पारस पर्ल्स अपार्टमेंट में तुलसी–शालिग्राम विवाह की एक झलक।

देवथान एकादशी पर पारस पर्ल्स अपार्टमेंट के श्री राधा–कृष्ण मंदिर में तुलसी–शालिग्राम विवाह उत्सव उत्साह और श्रद्धा के साथ सम्पन्न हुआ।
अपार्टमेंट की महिलाएं बैंड–ढोल के साथ बरात बनकर पूरे परिसर में निकलीं, जहां पारस पर्ल्स एक्सटेंशन की महिलाएं घराती बनीं। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पुजारियों ने विवाह संस्कार सम्पन्न कराया।

भोज प्रसादी के साथ उत्सव का समापन हुआ। युविका शर्मा, शिखा जैन, गीतिका लूथरा, प्रीति उपाध्याय, सीमा उपाध्याय सहित कई महिलाएं इस अनोखे आयोजन में सम्मिलित रहीं।

SP_Singh AURGURU Editor