आगरा के किरावली में 31 जनवरी को कांग्रेस की संविधान संवाद रैली, फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी
आगरा। संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के संकल्प के साथ कांग्रेस पार्टी 31 जनवरी को किरावली ग्राउंड में संविधान संवाद रैली आयोजित करने जा रही है। रैली को लेकर कांग्रेस संगठन पूरी तरह सक्रिय हो गया है और इसमें हजारों की संख्या में लोगों के जुटने का दावा किया जा रहा है।
शनिवार को एस.डी. लवानिया फार्म हाउस, ककुआ में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम ने जिला व ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रैली की तैयारियों की समीक्षा की और जिम्मेदारियां तय कीं।
राष्ट्रीय नेतृत्व की मजबूत मौजूदगी
राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम ने बताया कि संविधान संवाद रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश के प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सहित 7 से 8 लोकसभा सांसद शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया गया है और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टरों के माध्यम से रैली स्थल तक पहुंचेंगे।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी लोकसभा की 17 सीटों पर संविधान संवाद रैली आयोजित कर रही है, जिसके तहत फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में यह बड़ा कार्यक्रम तय किया गया है।
वरुण गांधी को कांग्रेस में शामिल करने की उठी मांग
इसी दौरान राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमाशंकर शर्मा एडवोकेट ने राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम को एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आग्रह किया कि यह ज्ञापन राहुल गांधी तक अवश्य पहुंचाया जाए।
ज्ञापन में रमाशंकर शर्मा एडवोकेट ने कहा है कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए यदि वरुण गांधी जैसे प्रखर नेता को कांग्रेस में शामिल किया जाता है, तो राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और वरुण गांधी की तिकड़ी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दुष्प्रचार और राजनीतिक कुचक्र को परास्त कर कांग्रेस को सत्ता तक पहुंचा सकती है।
राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनका ज्ञापन राहुल गांधी तक अवश्य पहुंचाया जाएगा।
बैठक में इनकी मौजूदगी रही
बैठक में रामनाथ सिंह सिकरवार, अमित सिंह, रमाशंकर शर्मा एडवोकेट, ओमवीर यादव, अरुण शर्मा, कमलेश मिश्रा, याकूब शेख, पवन शर्मा, मुकेश डागुर, रेखा रानी, धर्मवीर शर्मा, सत्येंद्र दुबे, अशोक चौधरी, अमीचंद जाटव, लाखन त्यागी, हेमंत चाहर, जगपाल चाहर, अनिल सिकरवार, जगदीश लवानियां, प्रकाश चंद्र शर्मा, जितेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।