आगरा के जौताना गांव में फर्जी बैनामे से पुश्तैनी जमीन हड़पने की साजिश बेनकाब, विरोधियों पर मुकदमा दर्ज

-महावीर सिंह वर्मा- फतेहपुर सीकरी। थाना क्षेत्र के ग्राम जौताना में पुश्तैनी जमीन को फर्जी तरीके से बेचकर कब्जा करने की साजिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जिससे गांव में खलबली मच गई है।

Apr 8, 2026 - 20:35
 0
आगरा के जौताना गांव में फर्जी बैनामे से पुश्तैनी जमीन हड़पने की साजिश बेनकाब, विरोधियों पर मुकदमा दर्ज

1994 में खरीदी जमीन पर कब्जे की कोशिश

ग्राम जौताना निवासी पूरन सिंह पुत्र स्व. बाबू लाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पिता बाबू लाल ने वर्ष 1994 में विधिवत बैनामे के माध्यम से जमीन खरीदी थी और तभी से परिवार का उस पर कब्जा चला आ रहा है।

पीड़ित के अनुसार, 8 जुलाई 2025 को विपक्षी विशम्भर सिंह पुत्र महताब सिंह ने उक्त जमीन को फर्जी तरीके से अपने चचेरे भाई मनोज सिंह के नाम दोबारा बेच दिया। इस कथित फर्जी बैनामे में कुछ अन्य लोगों को गवाह भी बनाया गया, जबकि उन्हें पहले से ही जमीन के पहले बैनामे की जानकारी थी।

संगठित होकर किया कब्जे का प्रयास

पीड़ित का आरोप है कि 23 नवंबर 2025 को विपक्षीगण संगठित होकर जमीन पर जबरन कब्जा करने पहुंच गए। इस घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, लेकिन आरोप है कि उस समय कोई कार्रवाई नहीं की गई और रिपोर्ट भी दर्ज नहीं हुई।

न्याय न मिलने पर पीड़ित ने उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सीकरी चार हिस्सों में बच्चों से मारपीट व जातिसूचक टिप्पणी, रिपोर्ट

फतेहपुर सीकरी। थाना क्षेत्र के ग्राम सीकरी चार हिस्सा में बच्चों के साथ मारपीट, जातिसूचक टिप्पणी और महिलाओं से अभद्रता का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता मेनका द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, 5 अप्रैल की सुबह गांव के मैदान में बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचे और बच्चों के साथ गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने लगे। विरोध करने पर बच्चों के साथ मारपीट की गई।

शिकायत में यह भी आरोप है कि जब पीड़ित परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और विरोध जताया, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान महिलाओं के साथ अभद्रता की गई और उन्हें चोटें भी आईं। साथ ही छेड़छाड़ जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।

इस मामले में पुलिस ने लोकेश पुत्र ज्ञानी, जीतू, नितिन, मितन (पुत्र गण वासुदेव), सुनील पुत्र बाबूलाल तथा 3-4 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

SP_Singh AURGURU Editor