बरेली में सिपाही की संदिग्ध हालात में मौत, पपीता खाने के बाद सोए- सुबह उठे ही नहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में एक सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कोतवाली क्षेत्र के चौपला सिविल लाइंस स्थित मौनी बाबा मंदिर वाली गली में किराए पर रह रहे 38 वर्षीय सिपाही वीरपाल की अचानक हुई मौत से जहां पुलिस महकमे में हलचल मच गई है, वहीं परिवार में कोहराम मचा हुआ है। प्रथम दृष्टया मामला सामान्य नहीं लग रहा, जिसके चलते पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Apr 2, 2026 - 21:45
 0
बरेली में सिपाही की संदिग्ध हालात में मौत, पपीता खाने के बाद सोए- सुबह उठे ही नहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सिपाही वीरपाल की फाइल फोटो।

रात तक सब सामान्य, सुबह मिले मृत

जानकारी के अनुसार, वीरपाल मूल रूप से औरैया जिले के थाना अच्छंदा क्षेत्र के गांव रूपपुर के निवासी थे और वर्तमान में बरेली पुलिस लाइन में सिपाही के पद पर तैनात थे। उनकी पत्नी संगीता देवी के मुताबिक, बुधवार रात उन्होंने सामान्य रूप से परिवार के साथ खाना खाया और सो गए। सुबह करीब चार बजे उन्होंने पपीता मांगा, जिसे खाने के बाद वह फिर से सो गए।

पत्नी ने जगाया, लेकिन नहीं मिली कोई प्रतिक्रिया

सुबह करीब पांच बजे उनका बेटा सत्यम दौड़ लगाने के लिए पुलिस लाइन जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान पत्नी संगीता ने वीरपाल को जगाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। स्थिति गंभीर देख उन्होंने पड़ोसियों की मदद से तुरंत उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी नजर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बरेली के एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि सिपाही की मौत किन कारणों से हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

परिवार में मचा कोहराम, उठ रहे कई सवाल

अचानक हुई इस मौत से परिवार पूरी तरह सदमे में है। एक स्वस्थ व्यक्ति का इस तरह अचानक दुनिया छोड़ जाना कई सवाल खड़े कर रहा है। क्या यह प्राकृतिक मौत है या इसके पीछे कोई और वजह छिपी है, इसका जवाब अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट ही दे पाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor