संविधान दिवस पर आगरा कॊलेज के एनसीसी कैडेट्स का संकल्प: राष्ट्रहित में कर्तव्य सर्वोपरि
आगरा। आगरा कॉलेज के एनसीसी आर्मी विंग ने संविधान दिवस पर सेमिनार हॉल में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर भारतीय संविधान का सम्मान किया। इस दौरान कैडेट्स ने संविधान में उल्लिखित मूल कर्तव्यों का पालन करने की शपथ ली और जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प व्यक्त किया।
एनसीसी अधिकारी कैप्टन अमित अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि भारत का संविधान दुनिया के सर्वश्रेष्ठ संविधानों में अग्रगण्य है। यह नागरिकों को अधिकारों के साथ-साथ उनके कर्तव्यों का ज्ञान कराता है और समानता, सामाजिक न्याय तथा धार्मिक स्वतंत्रता की गारंटी देता है।
उन्होंने कैडेट्स को संविधान के मूल्यों की रक्षा करने तथा देशहित में सदैव सक्रिय रहने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में कैडेट्स ने सामूहिक रूप से संविधान में वर्णित मूल कर्तव्यों का पालन करने की शपथ ली और राष्ट्र के प्रति समर्पण दोहराया।
कैडेट प्रिया, शगुन, सना बानो, प्रवीण कुमार, दीपेश कुमार, ऋषभ और अनुज पाराशर ने संविधान की महत्वता, उसके आदर्शों और नागरिक कर्तव्यों पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में एसयूओ लवकुश, यूओ मनोज जुरेल, यूओ यामिनी चाहर, सर्जेंट मेजर रोहित कर्दम, सार्जेंट अरुण, सार्जेंट प्रिया चाहर, हिमांशु, प्रतीक खंडेलवाल और विशाल रावत उपस्थित रहे। संचालन कैडेट प्राशी अग्रवाल ने किया और आभार व्यक्त एसयूओ तमन्ना परमार ने किया।