आगरा के तीसरे जलकल का निर्माण जल्द शुरू होने जा रहा
आगरा। शहर में पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए यमुना पार क्षेत्र में प्रस्तावित तीसरे वाटर वर्क्स का निर्माण कार्य शुरू होने में अब ज्यादा देरी नहीं है। 413 करोड़ की लागत से बनने वाले तीसरे जलकल के लिए टेंडर प्रक्रिया प्रोसेस में है।
-यमुना पार क्षेत्र के साथ एत्मादपुर कस्बे तक की जाएगी इस जलकल से पानी की आपूर्ति
एत्मादपुर के विधायक डॊ. धर्मपाल सिंह तीसरे वाटर वर्क्स को शासन से मंजूरी दिलाने के बाद अब इसका निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा कराने के लिए निरंतर भागदौड़ कर रहे हैं। विधायक डॊ. सिंह ने बताया कि तीसरे जलकल का मामला टेंडर प्रक्रिया तक पहुंच चुका है। टेंडर अब तक हो चुका होता, लेकिन पहली बार के टेंडर में कोई एक कंपनी 413 करोड़ का ठेका लेने के लिए आगे नहीं आई। अब शासन ने इसका ठेका कई पार्ट में अलग-अलग कंपनियों को देने का निश्चय किया है। दोबारा टेंडर की प्रोसेस जल्द शुरू होने जा रही है।
आगरा शहर के लिए तीसरा जलकल पोइया गांव के पास पड़ी सरकारी भूमि पर बनाया जाएगा। जमीन पहले ही चिह्नित हो चुकी है। शासन स्तर से जलकल की मंजूरी के साथ ही 58 करोड़ रुपये की पहली किश्त भी जारी की जा चुकी है। टेंडर होते ही इसका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
ट्रांस यमुना की आबादी के लिए बन रहा तीसरा जलकल
आगरा शहर के यमुना पार क्षेत्र में आबादी अब बहुत बढ़ चुकी है और यहां की पेयजल की जरूरत जीवनी मंडी स्थित वाटर वर्क्स से पूरी नहीं हो पा रही। यमुना पार क्षेत्र में आबादी एक ओर फिरोजाबाद रोड पर छलेसर तक पहुंच चुकी है तो जलेसर रोड पर भी तमाम कॊलोनियां विकसित हो चुकी हैं। एडीए की कालिंदी विहार आवासीय परियोजना भी इसी क्षेत्र में है। इतनी बड़ी आबादी में पेयजल के लिए मारामारी रहती है। यहां टैंकर माफिया भी सक्रिय है। लोग पानी खरीदने को मजबूर हैं।
एत्मादपुर तक ले जाया जाएगा पेयजल
पोइया में बनने जा रहे तीसरे जलकल से जलापूर्ति एत्मादपुर कस्बे तक की जाएगी। विधायक डॊ. धर्मपाल सिंह ने एत्मादपुर कस्बे तक के क्षेत्र के जलकल के दायरे में शामिल करा लिया है। जलकल से एत्मादपुर तक पाइप लाइन बिछाकर वहां जलापूर्ति दी जाएगी।