ग्राहक पंचायत ने उठाया स्कूलों की मनमानी, दवाओं की कीमत और पर्यावरण संरक्षण का मुद्दा

 आगरा। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, आगरा इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक आज श्री रामकृष्ण महाविद्यालय, बल्केश्वर में आयोजित हुई। बैठक में उपभोक्ता अधिकारों से लेकर पर्यावरण संरक्षण तक कई ज्वलंत मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं पर्यावरण आयाम प्रमुख डॉ. प्रमोद पांडे ने दीप जलाकर किया।

Jun 24, 2025 - 20:28
 0
ग्राहक पंचायत ने उठाया स्कूलों की मनमानी, दवाओं की कीमत और पर्यावरण संरक्षण का मुद्दा
ग्राहक पंचायत की जिला इकाई की बैठक में मौजूद पदाधिकारी और सदस्य पर्यावरण संरक्षण संकल्प पत्र को दिखाते हुए।

बैठक की अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष विष्णु कुमार अग्रवाल ने की, जबकि जिला अध्यक्ष मुरारीलाल गोयल ने बैठक का संचालन किया। बैठक की शुरुआत संगठन मंत्र और समापन कल्याण मंत्र के साथ किया गया।

विद्यालयों की मनमानी पर नाराज़गी

बैठक में विद्यालयों द्वारा अभिभावकों पर थोपे जा रहे हुकमनामों, जैसे महंगे ड्रेस कोड, एक विशेष दुकान से ही किताबें खरीदने की अनिवार्यता और गैरवाजिब शुल्कों पर चिंता जताई गई। संगठन ने इसे उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन बताया और कार्रवाई की मांग की।

दवा कंपनियों पर मूल्य नियंत्रण की मांग

ग्राहकों को लूटने वाली मेडिकल कंपनियों पर भी बैठक में गहरी चिंता जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि आवश्यक दवाओं की कीमत आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही है। केंद्र सरकार से मूल्य नियंत्रण के सख्त उपायों की मांग की गई।

पर्यावरण संरक्षण संकल्प पत्र अभियान का आगाज़

जिला अध्यक्ष मुरारीलाल गोयल ने एक लाख पर्यावरण संरक्षण संकल्प पत्र भरवाने के लक्ष्य का ऐलान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे आमजन के बीच जाकर पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाएं। इस दौरान संकल्प पत्रक का औपचारिक विमोचन भी किया गया।

उपभोक्ता जागरूकता का संकल्प

प्रांतीय अध्यक्ष विष्णु कुमार अग्रवाल ने कहा कि ग्राहक पंचायत का उद्देश्य ग्राहकों को अधिकारों के प्रति सजग करना है। उन्होंने संशोधित उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019, आरटीआई एक्ट 2005 और आरटीई एक्ट 2010 की उपयोगिता की जानकारी दी और कहा कि हर ग्राहक को बिल लेना और गुणवत्ता जांचना चाहिए।

बैठक में इनकी रही मौजूदगी

बैठक में अशोक बाबू गुप्ता, हरिओम गोयल, सत्येंद्र पाठक, कुमकुम उपाध्याय, डॉ. अंजु दिलयानी, डॉ. मनिंदर कौर, राम प्रकाश अग्रवाल, अर्जुन पंडित, मयंक खंडेलवाल, मीनाक्षी शर्मा, राकेश गुप्ता, रोहित ज्ञानी, पूजा जैन, पंकज अग्रवाल आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor