शोर से नहीं, संवाद से चलेगा देश-आगरा में विपक्ष पर बरसे केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार

आगरा में केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने विपक्ष पर संसद बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार है, जबकि विपक्ष शोर मचाकर समय बर्बाद कर रहा है। मंत्री ने भारत की मजबूत होती अर्थव्यवस्था, आत्मनिर्भरता और बजट 2026–27 की उपलब्धियों को रेखांकित किया।

Feb 7, 2026 - 17:36
 0
शोर से नहीं, संवाद से चलेगा देश-आगरा में विपक्ष पर बरसे केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार
केन्द्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार का बुके देकर स्वागत करते भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश आदि।

आगरा। केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने आगरा दौरे के दौरान विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। केंद्रीय बजट 2026–27 को लेकर आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि विपक्ष शोर-शराबा कर संसद का कीमती समय बर्बाद कर रहा है। सरकार हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष का एकमात्र उद्देश्य सदन को बाधित करना रह गया है।

जयपुर हाउस स्थित भाजपा ब्रजक्षेत्र कार्यालय में आयोजित बैठक में केंद्रीय मंत्री ने बजट की प्रमुख उपलब्धियां गिनाईं और साथ ही विपक्ष की भूमिका पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष के पास शासन का पर्याप्त समय था, तब देशहित में कोई ठोस काम नहीं किया गया। आज केवल आरोप-प्रत्यारोप कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

डॉ. वीरेंद्र कुमार ने देश की अर्थव्यवस्था पर विपक्ष के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि पहले भारत दुनिया की 11वीं अर्थव्यवस्था था, आज चौथे स्थान पर है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचेगा। ऐसे में यह कहना कि अर्थव्यवस्था कमजोर हो रही है, सरासर गलत है।
उन्होंने यह भी कहा कि आज पूरी दुनिया भारत के बढ़ते कदमों को स्वीकार कर रही है। हर देश भारत के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ना चाहता है। भारत के अस्तित्व और बढ़ती ताकत को वैश्विक मंच पर नकारा नहीं जा सकता।

संसद के सत्र को लेकर विपक्ष पर हमला बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश देख रहा है कि सदन कौन नहीं चलने दे रहा। शोर मचाकर जनता के टैक्स के पैसे बर्बाद किए जा रहे हैं। चर्चा से भागने के बजाय सदन में आएं, हम हर विषय पर खुलकर चर्चा के लिए तैयार हैं। डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि चाहे धारा 370 का मुद्दा हो या सर्जिकल स्ट्राइक, हर बार सदन में चर्चा के दौरान विपक्ष को जवाब मिला है। आगे भी यदि विपक्ष चर्चा करेगा, तो सच सामने आ जाएगा।

कांग्रेस पर सीधा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि पंचायत से लेकर संसद तक दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस देश के विकास को गति नहीं दे सकी। उन्होंने मोबाइल निर्माण का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले मोबाइल विदेशों से आते थे और देश का राजस्व बाहर जाता था, जबकि आज भारत दुनिया के सबसे बड़े मोबाइल फोन निर्माता देशों में दूसरे स्थान पर है। यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम है।

केंद्रीय मंत्री ने बजट 2026–27 की सराहना करते हुए कहा कि इसमें समाज के सभी वर्गों गरीब, किसान, युवा और महिलाओं की जरूरतों का ध्यान रखा गया है। इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, संतोष कटारा, महेश शर्मा सहित कई नेताओं ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया।