जमीन विवाद से परेशान दंपति ने बरेली कलक्ट्रेट में की आत्मदाह की कोशिश, पुलिस ने समय रहते बचाया

Aug 25, 2026 - 22:40
 0
जमीन विवाद से परेशान दंपति ने बरेली कलक्ट्रेट में की आत्मदाह की कोशिश, पुलिस ने समय रहते बचाया
बरेली कलेक्ट्रेट में आत्मदाह की कोशिश करने वाले दंपति।

-आरके सिंह-

बरेली। जमीन के विवाद से परेशान एक दंपति ने मंगलवार को बरेली कलक्ट्रेट परिसर में आत्मदाह का प्रयास कर सनसनी फैला दी। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के चंद्रपुर बिचपुरी निवासी नरेश पाल सिंह अपनी पत्नी के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे थे। दोनों ने अधिकारियों के सामने अपनी जमीन संबंधी समस्या रखी और इसके बाद ज्वलनशील पदार्थ से भरी बोतल निकालकर खुद पर डाल लिया। हालांकि, सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ लिया और आत्मदाह की कोशिश नाकाम कर दी।

पुलिसकर्मियों ने समय रहते छीनी बोतल

दंपति के आत्मदाह का प्रयास करते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों को काबू कर लिया और उनके हाथ से ज्वलनशील पदार्थ से भरी बोतल छीन ली। इस दौरान हुई खींचतान में सब इंस्पेक्टर ओमपाल सिंह की उंगली में चोट लग गई, जबकि होमगार्ड संदीप शर्मा पर बोतल से तेल की कुछ बूंदें गिर गईं। पुलिसकर्मी अमित कुसुम ने भी दंपति को काबू करने में मदद की।

पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा होने से बच गया। घटना के बाद दोनों को कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

जमीन विवाद को लेकर कई दिनों से परेशान थे पति-पत्नी

पूछताछ में नरेश पाल सिंह ने बताया कि वह जमीन विवाद को लेकर कई दिनों से परेशान था। उसका आरोप है कि समस्या के समाधान के लिए वह लगातार अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा रहा था, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हो रही थी। लगातार शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं होने से वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था। इसी के चलते उसने पत्नी के साथ कलक्ट्रेट पहुंचकर आत्मदाह का प्रयास किया।

डीएम ने जांच के दिए निर्देश, पुलिसकर्मियों को इनाम

जिलाधिकारी अवनीश सिंह ने बताया कि आत्मदाह का प्रयास करने वाले दंपति के मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कलक्ट्रेट परिसर में दंपति को आत्मदाह करने से रोकने वाले आठ पुलिसकर्मियों को ढाई-ढाई हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की।

घटना के बाद पुलिस दंपति से पूछताछ कर रही है। साथ ही जमीन विवाद से संबंधित दस्तावेजों और पूर्व में की गई शिकायतों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor