महंगाई पर भारी पड़ीं खुशियां, छह दिन का त्योहार दे गया करोड़ों का कारोबार, अब नजरें वेडिंग सीजन पर

आगरा। छह दिवसीय दीपोत्सव व्यापार जगत की चांदी करा गया। रामनवमी से उठान पर आया बाजार दीपोत्सव पर चरम पर पहुंच गया। हर ट्रेड में आशा से बेहतर ख़रीदारी होने से व्यापारियों ने राहत की सांस ली। अब उसकी निगाह 12 नवंबर से शुरू हो रहे वेडिंग सीजन पर है। इस वर्ष शादियों के अधिक मुहूर्त होने से बेहतर खरीदारी की उम्मीद की जा रही है।

Nov 4, 2024 - 14:22
 0
महंगाई पर भारी पड़ीं खुशियां, छह दिन का त्योहार दे गया करोड़ों का कारोबार, अब नजरें वेडिंग सीजन पर

दीपोत्सव पर लोगों ने जमकर ख़रीदारी की। मिट्टी के दीपक बनाने वाले से लेकर मिठाई, सराफा, इलेक्ट्रॉनिक, इलेक्ट्रिक, कपड़ा, रेडीमेड गारमेंट सहित सभी बाजार में जमकर ख़रीदारी हुई। इसका एक बड़ा कारण प्रदेश सरकार द्वारा अक्तूबर का वेतन दिवाली से पहले दिया जाना भी माना जा रहा है। 

खिलखिलाया सराफा बाजार
सोने-चांदी के दामों में बेतहाशा वृद्धि के बावजूद सराफा बाजार खिलखिलाता रहा। चांदी से बनी मूर्तियों से लेकर सिक्के व नोटों की ख़रीदारी जमकर हुई। सोने के आभूषणों की भी मांग रही तो इस बार डायमंड ने भी खूब रंगत बिखेरी। युवाओं में डायमंड का क्रेज़ ज्यादा दिखा। लालचंद शोभराज के स्वामी प्रतीक नागवानी का कहना है कि कोविड के बाद इस दिवाली पर सोने-चांदी के आभूषणों की बेहतर बिक्री हुई है। पूजन के लिए सोने-चांदी के बिस्कुट भी ख़ूब ख़रीदे गए। उनका कहना है कि सोने-चांदी के दामों में बढ़ोतरी खरीदारी को ज्यादा प्रभावित नहीं कर पाई है।

मिठाई ने किया मालामाल
मिठाई ने अपने से जुड़े कारोबारियों को मालामाल कर दिया। लोगों ने मिठाई न केवल अपने लिए बल्कि अपने स्टाफ़, इष्ट-मित्रों के लिए जमकर खरीदी। दिवाली से पहले ही विभिन्न कारोबारी फर्मों ने मिष्ठान विक्रेताओं को बड़े बड़े आर्डर कर दिए थे। बड़े से लेकर छोटे मिठाई विक्रेताओं के यहां से जमकर ख़रीदारी हुई। दिवाली तक आर्डर पर मिठाइयाँ पैक होकर सप्लाई होती रहीं। मिष्ठानों की दुकानों पर सुबह से खरीदारों की भीड़ लगी रही। मिष्ठान विक्रेता शिशिर भगत ने बताया कि कोविड के लगभग चार वर्षों के बाद इस बार दीपोत्सव पर काफी बेहतर बिक्री हुई है। उनके यहां हर दिन रात में मेकिंग और पैकिंग होती थी और आर्डर के अलावा की मिठाइयाँ शाम तक बिक जाती थी। 

खूब दौड़े वाहन
सबसे ज्यादा चमक आटो सेक्टर में रही। चार पहिया से लेकर दोपहिया वाहनों की जबर्दस्त बिकी हुई। करीब दो हजार से अधिक वाहन बिके। एक अरसे बाद कपंनियेां को दिवाली पर अच्छी बिक्री मिली। 

बर्तनों की खनक सुनाई दी
धनतेरस पर सबसे अधिक बर्तनों की बिक्री हुई है। लोगों ने खूब बर्तन खरीदे हैं। इसके अलावा कारखानों व फैक्ट्रियों में कर्मचारियों को उपहार देने के लिए भी बर्तनों की खूब खरीददारी की गई है।

इलैक्ट्रॉनिक मार्केट दिखी रोशन
हर सेक्टर की तरह इलैक्ट्रॉनिक मार्केट में भी बंपर बिक्री हुई है। सभी तरह के इलैक्ट्रॉनिक उपकरणों की जबर्दस्त सेल हुई है। सबसे अधिक एलईडी स्मार्ट टीवी की खरीदारी की गई है। इसके अलावा रेफ्रीजरेटर, वाशिंग मशीन के अलावा माइक्रोवेव और साउंड सिस्टम भी खूब खरीदे गए हैं।

कपड़ा बाजार
आगरा के कपड़ा बाजार में भी जमकर दीपोत्सव में रौनक बिखरी है। साड़ियों से लेकर ट्रेडिशनल कपड़ों की खरीदारी हुई है। युवतियों ने जहां साड़ियों के अलावा लहंगा को सबसे अधिक पसंद किए तो वहीं युवकों ने भी कुर्ता पाजामा और शेरवानी की खरीदारी की।

SP_Singh AURGURU Editor