‘ब्रज में बना सांस्कृतिक महाकेंद्र’: वृंदावन में 1000 क्षमता वाला स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह तैयार, हेमा मालिनी ने भजनों से बांधा समां

वृंदावन। ब्रज की सांस्कृतिक धरोहर को नया आयाम देते हुए गीता शोध संस्थान परिसर में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह बनकर तैयार हो गया है। लगभग 1000 दर्शक क्षमता वाले इस भव्य ऑडिटोरियम का लोकार्पण से पूर्व सांसद हेमा मालिनी ने स्वयं इसकी तकनीकी गुणवत्ता परखी और मंच से भजन प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

Mar 22, 2026 - 19:15
 0
‘ब्रज में बना सांस्कृतिक महाकेंद्र’: वृंदावन में 1000 क्षमता वाला स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह तैयार, हेमा मालिनी ने भजनों से बांधा समां
वृंदावन में बनाये गये स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह में तकनीकी गुणवत्ता को परखने पहुंचीं सांसद हेमा मालिनी जानकारी प्राप्त करते हुए।  

लोकार्पण पूर्व आयोजित कार्यक्रम में हेमा मालिनी ने ऑडियो-विजुअल, साउंड और सिटिंग अरेंजमेंट की बारीकी से जांच की। उनके साथ विशेषज्ञ देवेंद्र बाधवा भी मौजूद रहे। इस दौरान गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी के प्रशिक्षु बालक-बालिकाओं ने स्वर्गीय छैल बिहारी उपाध्याय रचित भ्रमर गीत पर आधारित रासलीला का मनोहारी मंचन किया, जिसने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।

रासलीला में आकाश शर्मा (हारमोनियम), दीनानाथ शर्मा (बांसुरी), मनमोहन कौशिक (सारंगी) और सुनील पाठक (तबला) ने सजीव संगीत संगति दी। श्रीमती रितु सिंह ने आकर्षक वस्त्र विन्यास, कु. मानसी राजपूत ने कोरियोग्राफी, जबकि रोचन शर्मा एवं केशव पाठक ने सहयोग प्रदान किया। गायन में प्रिया, सरस्वती, आकांक्षा, रोशनी और मोहिनी ठाकुर की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विशेष ऊंचाई दी।

मंच पर पूनम राजपूत (कृष्ण) और तमन्ना शर्मा (राधा) की मुख्य भूमिकाओं के साथ मोहिनी भारद्वाज, दिशा चौधरी, प्रियांशी, माही, श्रेया, जाह्नवी, वंशिता, तान्या, भारती, वैष्णवी, कंचन, श्रेयांश, सुमित, हरी, चांदनी, मोनिका, कामिनी, डोली, दीक्षा, रक्षित, समीक्षा, प्रिया और प्राची सहित अनेक कलाकारों ने शानदार अभिनय किया। संस्थान के दीपक शर्मा, रामवीर शर्मा एवं अन्य स्टाफ का योगदान भी सराहनीय रहा।

कार्यक्रम का निर्देशन निदेशक दिनेश खन्ना ने किया, जबकि डॉ. उमेश शर्मा का मार्गदर्शन रहा। संयोजन एवं संचालन चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार ने किया, जिन्होंने पूरे आयोजन को प्रभावी ढंग से संचालित किया।

इस अवसर पर हेमा मालिनी ने दो भजनों की प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया और प्रेक्षागृह के निर्माण कार्य की सराहना करते हुए मैसर्स अमित कंस्ट्रक्शन, आगरा के स्वामी खेमचंद्र गोयल तथा कार्यदायी संस्था सीएनडीएस (CNDS) को उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई दी। तकनीकी परीक्षण के दौरान सीएनडीएस के प्रोजेक्ट मैनेजर कपिल सिंह, खेमचंद्र गोयल और सौरभ गोयल भी उपस्थित रहे। नवोदित गायिका नम्रता सिंह ने भी भजनों से समां बांधा।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, विप्रा सचिव आशीष कुमार, एसडीएम मांट राघवेन्द्र, महेश पांडे, महेश शर्मा, मधु ठाकुर, भाजपा नेता महेश खंडेलवाल, जनार्दन शर्मा, अनूप शर्मा, सरोज गोला, कथा वाचक मोहिनी कृष्णदासी, भजन गायक शिवम दास, खजानी वूमेन्स की एमडी शिप्रा राठी, रोहित बाजपेई, लेखक कपिल उपाध्याय और बलदेव के चेयरमैन डॉ. मुरारी अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

संयोजक सिकरवार ने बताया कि यह प्रेक्षागृह उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा और अत्याधुनिक ऑडिटोरियम है, जहां भविष्य में भव्य सांस्कृतिक, आध्यात्मिक कार्यक्रमों और रासलीलाओं का आयोजन किया जाएगा। यह ब्रज की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच देने में मील का पत्थर साबित होगा।

SP_Singh AURGURU Editor