शादी के नाम पर शातिर साज़िश: लुटेरी दुल्हन और शादी कराने वाला अधिवक्ता गिरफ्तार

आगरा। एत्मादुद्दौला थाना क्षेत्र में दूल्हे के परिवार को नशीला दूध पिलाकर नकदी और गहने लेकर फरार हुई लुटेरी दुल्हन को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। युवती का असली नाम नीलू पत्नी अमित है, जिसे इरादतनगर के नगला इमली से दबोचा गया। नीलू ने पैसों के लालच में अंतिमा बनकर शादी की और उसी रात परिवार को बेहोश कर पूरा घर साफ कर दिया था।  

Jul 20, 2025 - 18:07
 0
शादी के नाम पर शातिर साज़िश: लुटेरी दुल्हन और शादी कराने वाला अधिवक्ता गिरफ्तार

दूल्हे के परिवार को नशा देकर उड़ाए थे नकदी-गहने, पुलिस की सख्ती से उगले राज़

अधिवक्ता निकला साजिश का मास्टरमाइंड

इस फर्जी विवाह का मास्टरमाइंड बना अधिवक्ता जयप्रकाश उर्फ जेपी धाकरे भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। जैसे ही जयप्रकाश को नीलू की गिरफ्तारी की भनक लगी, वह बच निकलने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पांच मई को हुआ था ‘नकली रिश्ता’

घटना की शुरुआत 5 मई को हुई जब सीतानगर निवासी कुसुमा देवी के पुत्र का विवाह अंतिमा नामक युवती से कराया गया। विवाह के लिए अधिवक्ता जयप्रकाश ने वर पक्ष से 1.30 लाख रुपये की मांग की थी। शादी न्यू आगरा के नगला पदी के एक मंदिर में कराई गई, जिसमें अंतिमा के साथ कथित बुआ-फूफा और मामा (सभी फर्जी) भी शामिल हुए थे।

नशीला दूध और पूरी साजिश

शादी की रात दुल्हन अंतिमा ने पूरे परिवार को दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया। घर से नकदी और जेवरात समेटकर वह फरार हो गई। सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोगों को एक कार से उसे ले जाते देखा गया। पुलिस ने पहले ही कथित बुआ, फूफा और मामा को गिरफ्तार कर लिया था।

निकली स्थानीय, बताया गया बाहरी

नीलू ने खुद को जिले से बाहर की निवासी बताया था, जबकि असलियत में वह इरादतनगर के नगला इमली की रहने वाली है। यह तथ्य सामने आने पर पुलिस की सतर्कता और बढ़ी।

पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि क्या उन्होंने इसी तरह और भी लोगों को ठगा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह गिरोह कई जगह इस तरह के ‘फेक मैरिज फ्रॉड’ कर चुका है।

शादी के नाम पर धोखा देने वाले इस गिरोह का पर्दाफाश कर पुलिस ने एक बड़ी साजिश को नाकाम किया है। अब तक की कार्रवाई में छह लोग गिरफ्तार हो चुके हैं और पुलिस अन्य संभावित मामलों की जांच में जुटी है।

SP_Singh AURGURU Editor