ऑनलाइन जॉब और क्रिप्टो के नाम पर आगरा के युवक से साइबर गिरोह ने आठ लाख रुपये ठगे

आगरा। साइबर अपराधियों ने शहर के एक युवक को ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब और क्रिप्टो निवेश के नाम पर 8 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। मामला कचहरी घाट निवासी 26 वर्षीय हितेंद्र जैन से जुड़ा है, जिन्होंने साइबर क्राइम थाना आगरा में शिकायत दर्ज कराई है।

Oct 31, 2025 - 10:23
 0
ऑनलाइन जॉब और क्रिप्टो के नाम पर आगरा के युवक से साइबर गिरोह ने आठ लाख रुपये ठगे

व्हाट्सएप पर शुरू हुआ धोखे का जाल

14 जून 2025 को हितेंद्र को व्हाट्सएप पर अन्या कौर नाम की महिला का मैसेज आया। उसने खुद को बेस्ट डिजिटल मार्केटिंग एजेंसी इन इंडिया की कर्मचारी बताते हुए गूगल रिव्यू पोस्ट करने का पार्ट-टाइम काम ऑफर किया। हर रिव्यू पर 150 से 1000 रुपये कमाई का लालच दिया गया।

पहले ही दिन 150 रुपये का भुगतान कर ठगों ने हितेंद्र का भरोसा जीत लिया। यह ‘प्रीपेड टास्क स्कैम’ की आम रणनीति होती है, जहां शुरुआती छोटे मुनाफे दिखाकर पीड़ित को जाल में फंसाया जाता है।

वेलफेयर टास्क और फर्जी क्रिप्टो ट्रेडिंग का झांसा

कुछ दिनों बाद हितेंद्र को एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया, जहां वेलफेयर टास्क प्रोजेक्ट के नाम पर क्रिप्टो ट्रेडिंग जैसे निवेश की बात कही गई। पहले 5,000–15,000 रुपये के टास्क पूरे कराए गए और कुछ मुनाफा लौटाकर उनका भरोसा बढ़ाया गया। इसके बाद निवेश की रकम को बढ़ाकर 80,000 और फिर 1.8 लाख रुपये तक करने को कहा गया।

फर्जी लोन और अकाउंट ‘फ्रीज़’ का ड्रामा

जब हितेंद्र के पास पैसे खत्म हो गए, तो ठगों ने उन्हें बताया कि उनके नाम पर 55,000 का फर्जी लोन जारी हुआ है, जिसे तुरंत चुकाना होगा। बाद में यह कहकर डराया गया कि उनका अकाउंट फ्रीज़ हो गया है, और उसे अनलॉक करने के लिए 3.58 लाख गुणनिधि कलसी नामक व्यक्ति के खाते में भेजने को कहा गया।

जब हितेंद्र ने यह रकम भी भेज दी, तो ठगों ने 4 लाख रुपये और मांग लिए। इस पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत कर दी।

साइबर क्राइम पुलिस की जांच जारी

हितेंद्र ने 29 अक्टूबर 2025 को आगरा साइबर क्राइम थाना में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस अब ऑनलाइन ट्रांजैक्शन, व्हाट्सएप चैट, बैंक खातों और टेलीग्राम ग्रुप्स की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह ठगी प्रीपेड टास्क व क्रिप्टो निवेश के हाइब्रिड मॉडल पर आधारित है, जो हाल के महीनों में तेजी से बढ़ा है।

साइबर सेल ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी ऑनलाइन जॉब ऑफर या निवेश लिंक पर भरोसा न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति को आरटीजीएस , यूपीआई या क्रिप्टो के माध्यम से भुगतान न करें। संदिग्ध मामलों की तुरंत साइबरक्राइम.gov.in या 112 हेल्पलाइन पर शिकायत करें।

SP_Singh AURGURU Editor