बीमा एजेंट बन साइबर लूट: स्विफ्ट कार से चलता था ऑनलाइन ठगी का नेटवर्क, बरेली में चार शातिर गिरफ्तार

बीमा पॉलिसी में मोटे बोनस और ज्यादा रिटर्न का झांसा देकर लोगों को डिजिटल जाल में फंसाने वाले साइबर ठगों पर बरेली पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। थाना भुता पुलिस ने स्विफ्ट कार में बैठकर ऑनलाइन ठगी का नेटवर्क चला रहे चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया, जिनके पास से मोबाइल, टैबलेट, एटीएम कार्ड, नकदी और फर्जी दस्तावेज बरामद हुए हैं।

Jan 7, 2026 - 17:25
 0
बीमा एजेंट बन साइबर लूट: स्विफ्ट कार से चलता था ऑनलाइन ठगी का नेटवर्क, बरेली में चार शातिर गिरफ्तार
बरेली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये चारों साइबर ठग और इनके बारे में जानकारी देतीं बरेली की एसपी साउथ अंशिका वर्मा।

-रमेश कुमार सिंह-

बरेली। बीमा के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले एक संगठित साइबर गिरोह का थाना भुता पुलिस ने खुलासा किया है। बुधवार को एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि सूचना मिली थी कि केसरपुर साप्ताहिक बाजार के पास खाली मैदान में कुछ लोग संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए भुता पुलिस टीम ने दबिश दी और एक स्विफ्ट कार से चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद नवी (35 वर्ष) निवासी ग्राम केसरपुर, थाना भुता, फरमान खान (42 वर्ष) निवासी ग्राम धन्तिया, थाना फतेहगंज पश्चिमी, मोहम्मद अकरम (करीब 34 वर्ष) निवासी ग्राम केसरपुर, थाना भुता, आरिफ (करीब 36 वर्ष) निवासी ग्राम केसरपुर, थाना भुता के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन, 1 टैबलेट, 5 एटीएम कार्ड, 1 पैन कार्ड, फर्जी बिलों की चालान स्लिप, विजिटिंग कार्ड और 54 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा ठगी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी सीज कर दिया गया है।

एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे अलग-अलग मोबाइल नंबरों से लोगों को कॉल कर खुद को नामी बीमा कंपनियों का एजेंट बताते थे। पहले विश्वास जीतते, फिर पॉलिसी में बोनस, रिफंड या ज्यादा रिटर्न दिलाने का लालच देकर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवा लेते थे। ठगी की रकम फर्जी बैंक खातों में मंगाकर आपस में बांट ली जाती थी।

आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे ज्यादा शिक्षित नहीं हैं—कोई जरी का काम करता है तो कोई ठेकेदारी से जुड़ा रहा है, लेकिन जल्दी पैसा कमाने के लालच में साइबर ठगी के रास्ते पर उतर आए।

पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों के खिलाफ थाना भुता, बरेली में धारा 319(2)/318(4)/338/336(3)/340(2) बीएनएस एवं 66-डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब इनके बैंक खातों, कॉल डिटेल और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में और नाम सामने आ सकते हैं।

SP_Singh AURGURU Editor