आगरा के जगदीशपुरा में घर के अंदर सिलेंडर फटने से दीवार ढही, छह घायल, दो की हालत नाज़ुक

आगरा। दीपावली की रात खुशियों के बीच जगदीशपुरा क्षेत्र में उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक घर में गैस सिलेंडर फटने से भयानक धमाका हो गया। इस हादसे में छह लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। धमाके की आवाज़ इतनी तेज़ थी कि आसपास के मकानों की खिड़कियां तक हिल गईं और लोगों में दहशत फैल गई।

Oct 20, 2025 - 21:36
 0
आगरा के जगदीशपुरा में घर के अंदर सिलेंडर फटने से दीवार ढही, छह घायल, दो की हालत नाज़ुक
प्रतीकात्मक इमेज।

घर और दुकान दोनों आए चपेट में

एसीपी मयंक तिवारी ने बताया कि यह हादसा रामजीलाल नामक व्यक्ति के घर में हुआ। उनके घर के बाहर दो दुकानें बनी हैं। एक आभूषण की है और दूसरी हेयर कटिंग सैलून की है। सोमवार रात को अचानक घर में सिलेंडर में विस्फोट हुआ, जिससे सैलून की दुकान की दीवार भरभरा कर गिर गई। दीवार के नीचे बाल कटवाने आए चार लोग दब गए, जबकि बाहर खड़े दो लोग भी धमाके की चपेट में आ गए।

तेज़ धमाके से इलाके में मची अफरातफरी

धमाके की आवाज़ से पूरा मोहल्ला दहल उठा। लोग घरों से बाहर निकल आए। किसी को पहले तो आतिशबाज़ी का भ्रम हुआ, लेकिन जब धुआं और मलबा फैला देखा गया तो हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई।

रेस्क्यू कर बाहर निकाले गए घायल

पुलिसकर्मियों ने मलबे में फंसे चारों लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। एसीपी तिवारी ने बताया कि मौके पर स्थिति अब सामान्य है और हादसे का कारण सिलेंडर फटना ही प्रतीत होता है।

स्थानीय लोगों में भय का माहौल

घटना के बाद इलाके में लोग अब भी दहशत में हैं। दीपावली के मौके पर हुए इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सिलेंडर में लीक थी या किसी अन्य कारण से विस्फोट हुआ।

SP_Singh AURGURU Editor