स्कूल में छात्र को थप्पड़ मारने वाला डेयरी संचालक गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज बना सबूत
आगरा। शहर के प्रतिष्ठित सेंट क्लेयर्स सीनियर सेकेंड्री स्कूल में हुए छात्र से मारपीट कांड में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए कार्रवाई की है। स्कूल परिसर में एक छात्र को थप्पड़ मारने वाले डेयरी संचालक गौरव और उसके सहयोगी सौरभ को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
गुरुवार दोपहर करीब दो बजे छुट्टी के समय छात्र की स्कूटी स्कूल के बाहर खड़ी बाइक से टकरा गई थी, जिसे लेकर गौरव और छात्र के बीच कहासुनी शुरू हो गई। मामले ने तूल तब पकड़ा जब दोनों को शांत कराने के बाद प्रिंसिपल कार्यालय के बाहर वेटिंग एरिया में बैठाया गया, वहां गौरव ने छात्र को थप्पड़ मार दिया।
पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जो स्कूल प्रशासन द्वारा पुलिस को सौंपा गया। प्रिंसिपल फादर सन्नी कोट्टूर कुरुविला की शिकायत पर पुलिस ने एनसीआर दर्ज करते हुए छात्र का मेडिकल परीक्षण भी कराया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अपने बच्चों को लेने स्कूल आए थे। अचानक हुई इस घटना से स्कूल स्टाफ और अभिभावकों में रोष का माहौल है। स्कूल प्रशासन ने साफ कहा है कि छात्रों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।