बरेली में दलित किशोर का अपहरण, निर्वस्त्र कर तालाब किनारे की गई बर्बर पिटाई, वीडियो वायरल

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। कैंट थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। दबंगों ने एक दलित नाबालिग किशोर को उसके घर के पास से अगवा कर चनेहटा रोड स्थित तालाब के किनारे ले जाकर तमंचे और चाकू के बल पर निर्वस्त्र किया और बेरहमी से पिटाई की। आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़ित किशोर की मां की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

Jan 2, 2026 - 22:14
 0
बरेली में दलित किशोर का अपहरण, निर्वस्त्र कर तालाब किनारे की गई बर्बर पिटाई, वीडियो वायरल

कैंट थाना क्षेत्र के सदर बाजार स्थित वाल्मीकि मोहल्ला निवासी आरती देवी ने पुलिस को बताया कि उनके पति मजदूरी करते हैं और वह एक निजी स्कूल में कार्यरत हैं। 31 दिसंबर की रात उनका 16 वर्षीय बेटा घर के पास टहल रहा था। इसी दौरान अहीर मोहल्ला निवासी मुकुल यादव, सुभाष यादव उर्फ एडी, सुल्तान, आयुष और बासु वहां पहुंचे और जबरन बाइक पर बैठाकर उसे अपने साथ ले गए।

आरोप है कि सभी आरोपी किशोर को चनेहटा रोड किनारे तालाब के पास ले गए, जहां तमंचा और चाकू दिखाकर पहले बुरी तरह पीटा गया। इसके बाद उसे निर्वस्त्र कर दोबारा बेरहमी से मारपीट की गई। आरोपियों ने इस पूरी बर्बरता का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

पीड़ित किशोर ने किसी तरह साहस दिखाते हुए आरोपियों से अपनी नेकर छीनकर मौके से भागकर जान बचाई और घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक बरेली मानुष पारिक ने बताया कि पीड़ित की मां की तहरीर पर मुकुल यादव, सुभाष यादव उर्फ एडी, सुल्तान, आयुष और बासु के खिलाफ बीएनएस 2023 की धारा 137(2), 191(2), 115(2), 352, 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

सूत्रों के अनुसार, पीड़ित किशोर की मुकुल यादव से कुछ दिन पहले इंस्टाग्राम पर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश में मुकुल ने उसे 15 जनवरी तक जान से मारने की धमकी दी थी और तभी से आरोपी उसकी तलाश में थे।

गौरतलब है कि इस घटना का आरोपी सुल्तान पूर्व में भी आपराधिक मामले में नामजद रह चुका है। जनवरी 2025 में उसने कचहरी परिसर में अधिवक्ता राजाराम सोलंकी पर फायर किया था, हालांकि गोली दीवार में लगी थी। उस समय अधिवक्ताओं ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था।

इस घटना के बाद से इलाके में आक्रोश व्याप्त है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठ रही है।

SP_Singh AURGURU Editor