अकेली महिलाओं को सहारा देगा ‘डे केयर’ प्रोजेक्ट, आगरा में महिला परिषद की नगर शाखा ने की नई पहल की घोषणा
आगरा। महिलाओं के सशक्तिकरण और उनकी सामाजिक-मानसिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अखिल भारतीय महिला परिषद की आगरा नगर शाखा ने एक सराहनीय और दूरदर्शी कदम उठाया है। संस्था द्वारा आगामी वर्ष में महिलाओं के लिए ‘डे केयर’ प्रोजेक्ट शुरू करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य उन महिलाओं को एक सुरक्षित, विश्वसनीय और सहयोगात्मक वातावरण उपलब्ध कराना है, जो घरों में अकेले रह जाने के कारण मानसिक तनाव और अकेलेपन का सामना कर रही हैं।
यह निर्णय आगरा नगर शाखा की एक विशेष बैठक में लिया गया, जो सेंट जॉन्स चौराहे के पास एक रेस्टोरेंट में आयोजित की गई। बैठक में यह भी तय किया गया कि डे केयर प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने के लिए एक विधिवत आवेदन पत्र तैयार किया जाएगा, जिससे जरूरतमंद महिलाएं इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
बैठक में आगामी महिला दिवस समारोह को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया और कार्यक्रम को प्रभावी एवं प्रेरणादायी बनाने पर चर्चा हुई। इसके साथ ही मानेसर स्थित ब्रह्माकुमारी आश्रम में सम्पन्न हुए परिषद के वार्षिक चुनाव और सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर आरबीएस कॉलेज की पूर्व प्राचार्य, वरिष्ठ साहित्यकार एवं समाजसेवी डॉ. सुषमा सिंह ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान ‘कैकेयी के कोप’ की प्रभावशाली प्रस्तुति दी, जबकि पूनम तिवारी ने ‘दशरथ के संताप’ का सशक्त मंचन कर सभी को भावविभोर कर दिया।
बैठक में अखिल भारतीय महिला परिषद, आगरा शाखा की अध्यक्ष उमा सिंह सहित चंद्रा महरोत्रा, रजनी सिंह, डॉ. सुषमा सिंह, वर्षा खन्ना, ममता खन्ना, परिषद द्वारा संचालित परिवार परामर्श केंद्र की काउंसलर प्रेमलता सिंह तथा रूपा विशेष रूप से उपस्थित रहीं।