इंस्टाग्राम पर मौत का एलान, आगरा पुलिस ने बचाई युवक की जान
आगरा। आगरा पुलिस की सोशल मीडिया सेल की 24×7 सतर्क निगरानी एक बार फिर जीवन रक्षक साबित हुई। शमसाबाद थाना क्षेत्र में एक युवक ने प्रेम प्रसंग से निराश होकर इंस्टाग्राम पर आत्महत्या करने का वीडियो पोस्ट कर दिया। वीडियो अपलोड होते ही आगरा पुलिस की सोशल मीडिया सेल को अलर्ट मिला और बिना वक्त गंवाए पूरी मशीनरी हरकत में आ गई।
सोशल मीडिया सेल की सतर्कता से शमसाबाद में टली बड़ी अनहोनी
आगरा। आगरा पुलिस की सोशल मीडिया सेल की 24×7 सतर्क निगरानी एक बार फिर जीवन रक्षक साबित हुई। शमसाबाद थाना क्षेत्र में एक युवक ने प्रेम प्रसंग से निराश होकर इंस्टाग्राम पर आत्महत्या करने का वीडियो पोस्ट कर दिया। वीडियो अपलोड होते ही आगरा पुलिस की सोशल मीडिया सेल को अलर्ट मिला और बिना वक्त गंवाए पूरी मशीनरी हरकत में आ गई।
सोशल मीडिया सेल ने वीडियो की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। निर्देश मिलते ही तकनीकी टीम ने युवक की डिजिटल लोकेशन ट्रेस की और कुछ ही मिनटों में थाना शमसाबाद पुलिस को सटीक जानकारी उपलब्ध करा दी।
सूचना मिलते ही थाना शमसाबाद पुलिस की टीम तेजी से मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित हिरासत में ले लिया। युवक उस समय मानसिक तनाव और भावनात्मक आघात में था। पुलिसकर्मियों ने उसे समझा-बुझाकर शांत किया और उसकी काउंसलिंग की, जिससे उसकी स्थिति में सुधार हुआ।
थाना प्रभारी पवन कुमार सैनी ने बताया कि सोशल मीडिया सेल से सूचना मिलते ही बिना देरी किए टीम रवाना की गई थी। पूछताछ के दौरान युवक ने स्वीकार किया कि प्रेम प्रसंग के चलते वह मानसिक दबाव में था और आवेश में आकर उसने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर दिया। पुलिस ने युवक को समझाया, काउंसलिंग कराई और परिजनों को बुलाकर उसे सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया।
युवक ने पुलिस के समक्ष भविष्य में ऐसा कोई कदम न उठाने का भरोसा दिलाया। वहीं, परिजनों ने आगरा पुलिस और थाना प्रभारी पवन कुमार सैनी की तत्परता और संवेदनशीलता की जमकर सराहना की। उनका कहना है कि यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो एक बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में आगरा पुलिस की सोशल मीडिया सेल और शमसाबाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई की चर्चा हो रही है। लोगों का कहना है कि डिजिटल दौर में पुलिस की यह सक्रियता कई जिंदगियों को बचाने में अहम भूमिका निभा रही है।