क्रिकेट खेलते मासूम पर मौत का साया, खंदौली में निर्माणाधीन मकान का भारी गेट गिरा, बच्चे की दर्दनाक मौत

आगरा। आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र के हसनपुर गांव में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। क्रिकेट खेलते समय एक मासूम बच्चे की जान उस समय चली गई, जब निर्माणाधीन मकान का लोहे का भारी गेट अचानक उसके ऊपर गिर पड़ा। यह हादसा न सिर्फ एक परिवार की खुशियां उजाड़ गया, बल्कि पूरे गांव को गहरे शोक और आक्रोश में डुबो गया।

Dec 25, 2025 - 21:47
 0
क्रिकेट खेलते मासूम पर मौत का साया, खंदौली में निर्माणाधीन मकान का भारी गेट गिरा, बच्चे की दर्दनाक मौत
टूटा पड़ा वह गेट, जिसके नीचे दबकर मासूम की मौत हो गई।

आगरा। आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र के हसनपुर गांव में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। क्रिकेट खेलते समय एक मासूम बच्चे की जान उस समय चली गई, जब निर्माणाधीन मकान का लोहे का भारी गेट अचानक उसके ऊपर गिर पड़ा। यह हादसा न सिर्फ एक परिवार की खुशियां उजाड़ गया, बल्कि पूरे गांव को गहरे शोक और आक्रोश में डुबो गया।

जानकारी के अनुसार कालिंदी  बिहार निवासी दामोदर सिंह हसनपुर गांव में अपना मकान बनवा रहे हैं। गुरुवार की शाम गांव के बच्चे रोज़ की तरह मकान के सामने बने खुले मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। खेल के दौरान गेंद उछलकर निर्माणाधीन मकान के गेट के पास चली गई। गेंद उठाने के लिए दिव्यांशु पुत्र सौरभ जैसे ही गेट के नजदीक पहुंचा, उसी क्षण संतुलन बिगड़ने से भारी गेट भरभराकर उसके ऊपर गिर पड़ा।

अचानक हुए इस हादसे से वहां खेल रहे बच्चों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे और गेट हटाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। गेट के नीचे दबने से दिव्यांशु की मौके पर ही मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने इसे गंभीर लापरवाही का मामला बताते हुए विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि निर्माणाधीन मकान में बिना सुरक्षा इंतजामों के भारी गेट लगाया गया था, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। स्थिति बिगड़ती देख सूचना पर थाना खंदौली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक बच्चे के पिता सौरभ ने मकान मालिक के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे ने एक बार फिर निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और उसकी भयावह कीमत को सामने ला दिया है। गांव में आज भी मासूम दिव्यांशु की याद में सन्नाटा पसरा हुआ है।