म्यांमार में भूकंप से मरने वालों की संख्या एक हजार के पार, आज भी लगे झटके

नेपीदा/बैंकॊक बीते कल आए विनाशकारी भूकंप की वजह से म्यांमार में अब तक एक हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है जबकि ढाई हजार से ज्यादा लोग घायल हैं। राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है। उधर थाईलैंड में भूकंप से मरने वालों की संख्या दस को पार कर चुकी है। वहां अभी भी बड़ी संख्या में लोग मलबे में दबे हुए हैं। 

Mar 29, 2025 - 16:26
 0
म्यांमार में भूकंप से मरने वालों की संख्या एक हजार के पार, आज भी लगे झटके

-थाईलैंड में ढही बहुमंजिला इमारत के मलबे से अब तक दस शव निकाले जा चुके, दर्जनों दबे हुए हैं

भूकंप में हुई तबाही में अभी राहत और बचाव कार्य चल ही रहा है कि शनिवार को एक बार फिर म्यांमार में भूकंप के झटके महसूस किए गये। आज 5.0 तीव्रता के झटके महसूस किए गए। इससे म्यांमार में एक बार फिर दहशत फैल गई। 

कल के भूकंप से म्यांमार में भारी तबाही हुई है। वहां की सैन्य सरकार की ओर से बताया गया है कि मृतकों की संख्या एक हजार के पार जा चुकी है। ढाई हजार से ज्यादा घायलों का अस्पतालों में उपचार चल रहा है। मलबे से शवों का निकलना जारी है। आशंका जताई जा रही है कि भूकंप से म्यांमार में मरने वालों का आंकड़ा हजारों में जा सकता है। 

उधर थाईलैंड सरकार ने भूकंप के बाद से ही इमरजेंसी लागू कर दी थी। वहां भी बचाव और राहत के काम जारी हैं। भूकंप की वजह से गिरी निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत के मलबे से दस से ज्यादा शव निकाले जा चुके हैं जबकि अभी भी दर्जनों लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। 
भूकंप से प्रभावित म्यांमार और थाईलैंड में भारत समेत अन्य पड़ोसी देशों द्वारा मदद भी भेजी गई है।

SP_Singh AURGURU Editor