डिफेंस कॉलोनी यूथ सोसाइटी ने मेधावी छात्र किये सम्मानित, शिक्षा, संस्कार और प्रोत्साहन का संगम

आगरा। डिफेंस कॉलोनी यूथ वेलफेयर सोसाइटी द्वारा रविवार को क्षेत्र के मेधावी छात्रों को सम्मानित करने हेतु एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। डिफेंस कॉलोनी परिसर में हुए इस कार्यक्रम में उल्लास, गौरव और प्रेरणा का अद्भुत संगम देखने को मिला। समारोह में लगभग सौ मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने-अपने विद्यालयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम श्रेणी एवं उच्च अंक प्राप्त किए थे।

Nov 10, 2025 - 13:59
 0
डिफेंस कॉलोनी यूथ सोसाइटी ने मेधावी छात्र किये सम्मानित, शिक्षा, संस्कार और प्रोत्साहन का संगम
डिफेंस कॊलोनी यूथ वेलफेयर सोसाइटी द्वारा सम्मानित किये गये छात्र अतिथियों के साथ।

कार्यक्रम का प्रारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। सोसाइटी के अध्यक्ष राजीव सोई ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं, बल्कि शिक्षा के प्रति क्षेत्र में सकारात्मक वातावरण तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज के सशक्त निर्माण की मूल कुंजी है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में श्रीराम दरबार अध्यक्ष ब्रिजपाल सिंह चौहान, सूबेदार केवलराम, कैप्टन राम सरन, और विजय सिंह भदौरिया उपस्थित रहे। मंच पर भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते खिलाड़ी ध्रुव जुरैल की माता रजनी जुरैल, सुख जीवन सोही, सर्वोच्च पाठक, जमुना सरकार और शीला भदौरिया ने बच्चों को प्रमाणपत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया। सभी अतिथियों ने छात्रों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

सोसाइटी के सचिव बंटी यादव ने बताया कि यह आयोजन हर वर्ष बच्चों के प्रोत्साहन के लिए किया जाता है, ताकि वे शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ हासिल कर सकें। उन्होंने कहा कि सोसाइटी का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता नहीं, बल्कि बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी और प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करना है।

सोसाइटी के उपाध्यक्ष गगन मित्तल ने क्षेत्र के शीर्ष तीन छात्रों की घोषणा की। प्रथम स्थान यश मिश्रा, द्वितीय स्थान गौरांश और तृतीय स्थान अभ्युदय यादव को मिला। इन तीनों छात्रों को विशेष स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के उत्साह और आत्मविश्वास को देखकर उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर सोसाइटी के वरिष्ठ सदस्य के.एन. शर्मा, हरि मोहन सिंह, राजू चौहान, अमित दीक्षित, सनी उपाध्याय, अमन शर्मा, बाबू भाई कसाना, नीरज गोड, ज्ञानेंद्र यादव, शिव सिंह परमार, देविंदर शर्मा, और जितेंद्र चहार सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने सोसाइटी के इस प्रयास को समाज के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकरणीय बताया।

SP_Singh AURGURU Editor