रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की राहुल गांधी को खुली चुनौती- अपना 'एटम बम' फोड़ दें
नई दिल्ली। केंद्रीय चुनाव आयोग पर वोटों की चोरी का आरोप लगाते हुए नेता विपक्ष राहुल गांधी द्वारा एटम बम फोड़ने की बात पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को उन्हें चुनौती दी कि अगर उनके पास एटम बम तो उसे फोड़ ही दें।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार यह कहते आ रहे हैं कि चुनाव आयोग वोट चोरी कर रहा है और उनके पास इससे संबंधित सुबूतों का "एटम बम" है, जिसे वे जल्द ही फोड़ेंगे।
राहुल गांधी के इस बयान पर रक्षामंत्री ने कहा- राहुल जी पहले भी संसद में भूचाल लाने की बात कर चुके हैं। उस समय जब वे संसद में बोले तो 'खोदा पहाड़, निकली चुहिया'। अब कह रहे हैं उनके पास वोट चोरी का 'एटम बम' है। तो फोड़ दीजिए एटम बम। अपने एटम बम का परीक्षण कर ही लीजिए, लेकिन अपने को संतुलित और सुरक्षित रखिए। लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं को उनका काम करने दीजिए।
रक्षामंत्री ने कहा कि चुनाव आयोग देश की एक जिम्मेदार और निष्पक्ष संवैधानिक संस्था है, जिसने बिहार में 7.89 करोड़ मतदाताओं में से 7.24 करोड़ लोगों के फॉर्म पहले ही प्राप्त कर लिए हैं। बाक़ी 65 लाख वोटरों की सूची विपक्ष को सौंप दी गई है, ताकि यदि किसी को आपत्ति हो तो वह सामने लाए।
उन्होंने बताया कि यह एक पारदर्शी और सहभागी प्रक्रिया है जिसमें सभी राजनीतिक दलों से बातचीत कर मतदाता पुनरीक्षण शुरू किया गया है। फिर भी कुछ दल जानबूझकर जनता को गुमराह कर रहे हैं और संसद के मानसून सत्र को बाधित कर रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
राजनाथ सिंह ने आगे कहा, अगर विपक्ष के पास कोई ठोस सबूत है कि किसी मतदाता का नाम गलत तरीके से हटाया गया है या कोई अनियमितता हुई है, तो सार्वजनिक रूप से बताएं। अन्यथा इस तरह के बचकाने और निराधार बयान देना केवल संस्थाओं की छवि धूमिल करता है।